पाकिस्तान में अमरीकी छावनी की ख़बर बेबुनियादः इस्लामाबाद
https://parstoday.ir/hi/news/world-i99250-पाकिस्तान_में_अमरीकी_छावनी_की_ख़बर_बेबुनियादः_इस्लामाबाद
पाकिस्तान ने अपना फ़ौजी अड्डा अमरीका को इस्तेमाल करने की इजाज़त देने से संबंधित ख़बरों का खंडन किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May २५, २०२१ ०८:०३ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान में अमरीकी छावनी की ख़बर बेबुनियादः इस्लामाबाद

पाकिस्तान ने अपना फ़ौजी अड्डा अमरीका को इस्तेमाल करने की इजाज़त देने से संबंधित ख़बरों का खंडन किया है।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ज़ाहिद हफ़ीज़ चौधरी ने सोमवार को देश में अमरीकी सेना या वायु सेना के अड्डे होने की ख़बर का खंडन करते हुए कहा कि इस तरह की किसी बात पर विचार नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अटकलें बेबुनियाद व ग़ैर ज़िम्मेदाराना हैं जिनसे बचना चाहिए।

इससे पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने अमरीका के साथ संबंधों में उतार चढ़ाव की बात मानते हुए कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान से अमरीकियों के निकलने के बाद, पाकिस्तान में उन्हें किसी तरह की छावनी देने के बारे में अटकलें बेबुनियाद हैं।

सोमवार को पाकिस्तान की ओर से अमरीका को छावनी देने की संभावना के बारे में अटकलों का दोबारा खंडन ऐसी हालत में हुआ है कि सोमवार को जेनेवा में पाकिस्तान और अमरीका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों के बीच मुलाक़ात में द्विपक्षीय सहयोग व क्षेत्र के हालात के बारे में विचार विमर्श हुआ।

पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि 2001 के बाद से पाकिस्तान और अमरीका के बीच ग्राउंड लाइन्ज़ ऑफ़ कम्यूनिकेशन के लिए आपसी सहयोग का फ़्रेमवर्क तय है और इस संबंध में कोई नया समझौता नहीं हुआ है।

डॉन न्यूज़ की रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान ने अमरीका को हवाई सीमा के इस्तेमाल और ज़मीनी सीमा तक पहुंच की इजाज़त दे दी है ताकि वह अफ़ग़ानिस्तान में अपनी मौजूदगी को सुनिश्चित बना सके।

वॉशिंगटन में एक कूटनैतिक सूत्र ने डॉन न्यूज़ को बताया था कि पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान में अमरीका की मौजूदगी को सुनिश्चित करने के लिए अपनी वायु सीमा के इस्तेमाल और ज़मीनी सीमा तक पहुंच की इजाज़त दी है और वह इस सिलसिले को जारी रखेगा।

यह ख़बर ऐसे समय सामने आयी है कि सितम्बर में अमरीका और नेटो के घटक फ़ौजी अफ़ग़ानिस्तान से पूरी तरह निकलने वाले हैं। (MAQ/N)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर  पर हमें फ़ालो कीजिए