Jul १४, २०१८ १४:२१ Asia/Kolkata

कीश द्वीप का इमाम ख़ुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, तेहरान के मेहराबाद और मशहद के हवाई अड्डों के बाद, देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।

प्राप्त आंकडों के मुताबिक़, पिछले साल नौरोज़ के अवसर पर कीश के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली घरेलू एवं विदेशी उड़ानों में 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि विदेशी एवं ईरानी यात्रियों की संख्या में 24 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।

हवाई अड्डे के अलावा कीश आने जाने के लिए 3 बंदरगाहें, चार्क, आफ़ताब, और लंगे हैं। इन बंदरगाहों द्वारा साल भर यात्रियों की आवाजाही होती है। समुद्र के ज़रिए कीश पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या में प्रति वर्ष वृद्धि हो रही है। औसतन प्रति वर्ष तीन लाख पचास हज़ार यात्री समुद्र मार्ग से कीश पहुंचते हैं। वर्तमान समय में आफ़ताब और लंगे मार्ग से प्रति दिन एक यात्रा और कीश बंदरगाह से चार्क बंदरगाह के लिए कई यात्राएं होती हैं। जो लोग अपनी गाड़ी से कीश जाना चाहते हैं, वे उन स्टीमरों द्वारा जा सकते हैं जिनमें गाड़ियां ले जाने की व्यवस्था होती है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए और कीश के सुन्दर तटों और मनमोहक प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के उद्देश्य से हर रात सुन्दर नावों की आवाजाही जारी रहती है। मनोरंजन के साधनों से संपन्न घाट, कीश द्वीप में समुद्री मनोरंजन के लिए बेहतरीन स्थान है। यह घाट 400 मीटर लंबी है, यहां पैदला चलने के लिए उचित वातावरण उत्पन्न किया गया है और मनोरंजन के लिए नौकाएं हैं। एक्वेरियम एवं ट्रांन्सपैरेंट नौकाओं द्वारा समुद्र के अन्दर के दृश्य देखने का अलग ही आनंद होता है।

 

कीश को फ़ार्स खाड़ी का पर्ल आइलैंड कहा जाता है। अपनी विशेषताओं के कारण यह द्वीप, ईरान का महत्वपूर्ण आर्थिक एवं सांस्कृतिक केन्द्र बन गया है। आर्थिक फ़्री ज़ोन होने और प्राकृतिक सुन्दरता के कारण हर साल बड़ी संख्या में ईरानी और विदेशी पर्यटक एवं कारोबारी लोग कीश पहुंचते हैं। इससे न केवल यहां के मूल निवासियों की रोज़गार की समस्या का समाधान हो गया है, बल्कि ईरान के युवाओं के लिए रोज़गार का एक बड़ा बाज़ार है। कीश की जनसंख्या का 95 प्रतिशत प्रवासी हैं, जो रोज़गार के लिए वहां पहुंचे हैं, बाक़ी 5 प्रतिशत लोग मूल निवासी हैं। कीश में आर्थिक विभाग ने घोषणा की है कि अगले 3 साल के बाद, कीश पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या 20 लाख हो जाएगी। कीश में सेवा क्षेत्र में सबसे अधिक रोज़गार के अवसर हैं।

कीश के बाज़ार, इस द्वीप की अर्थव्यवस्था का प्रमुख केन्द्र हैं। यह शानदार बाज़ार साल भर पर्यटकों से भरे रहते हैं। इन बाज़ारों में ईरान के सभी समुदायों के लोग व्यवसाय करते हैं। तुर्क और बलोच भी यहां व्यवसाय करते हैं और इसी के साथ चीनियों को भी यहां काम करते हुए देखा जा सकता है। कीश के बाज़ारों में विदेशी वस्तुएं पर्यटकों को बड़ी संख्या में आकर्षित करती हैं। कीश में 15 अंतरराष्ट्रीय मॉल और कई व्यापारिक केन्द्र और बाज़ार हैं।

 

कीश का एक अन्य आकर्षण, वहां के होटल हैं, जहां साल भर ईरानी और विदेशी यात्री ठहरते हैं। उदाहरण स्वरूप, इस द्वीप में एक ऐसा होटल है, जो फ़ार्स की खाड़ी के नीले पानी पर बनाया गया है। यह होटल बेल बूटे की डिज़ाइन पानी के ऊपर बनाया गया है और मध्यपूर्व का पहला समुद्री होटल है। इस होटल को थोड़े दूर से देखने में ऐसा लघता है मानों समुद्र में बेल बटा बना है।

होटलों के मैनेजरों का मानना है कि यात्री वास्तव में प्रकृति के मेहमान होते हैं, इसी कारण होटलों के निर्माण में कोशिश की जाती है कि उन्हें नेचर फ्रेंडली बनाया जाए, जिससे पर्यावरण को कम से कम नुक़सान पहुंचे। कुछ होटलों के कमरों को इस तरह से डिज़ाइन किया गया है कि उनसे फ़ार्स खाड़ी के नीले पानी का नज़ारा किया जा सकता है। कीश का दरियाई होटल इसी तरह से बनाया गया है। इसके कमरों से समुद्र के तट पर सूर्य के उदय और सूर्यास्त का दृश्य बड़ा मनमोहक होता है।

 

तुरंज होटल को कीश के उत्तर पश्चिम में बनाने का कारण यह है कि द्वीप के इस भाग में समुद्र की सतह एक किलोमीटर तक क़रीब एक समान है। इसके अलावा, फ़ार्स खाड़ी में समुद्री सतह काफ़ी भिन्न है, इसी वजह से यह कुछ अलग है। इसके परिणाम स्वरूप, समुद्र की ऊंची लहरे कभी इस होटल के कमरों तक नहीं पहुंचती हैं।

निवेश की अधिक संभावनाओं के कारण कीश का काफ़ी महत्व है। इसी कारण यह द्वीप ईरान के लिए काफ़ी लाभदायक हो सकता है। हलाल पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाकर, पर्यटकों को और अधिक आकर्षित किया जा सकता है। उदारण स्वरूप, यात्रियों के लिए ख़रीदारी कीश के आकर्षणों में से एक है। कीश ईरान का पहला और सबसे महत्वपूर्ण व्यापारिक फ़्री ज़ोन है। निवेशकों को आकर्षित करने और आयात में सहूलत के लिए 1990 में कीश को फ़्री ज़ोन बनाया गया था। इस समय कीश में दर्जनों होटल और व्यापारिक केन्द्र हैं। कीश में 7 औद्योगिक क्षेत्रों में 4500 छोटे कारख़ाने और 50 होटल हैं। इसके अलावा, बड़ी संख्या में रेस्टोरेंट और फ़ास्ट फ़ूड कॉर्नर हैं। कीश में व्यापारिक गतिविधियों के लिए अनुकूल वातावरण और सुरक्षा उपलब्ध है।

स्वास्थय पर्यटन के क्षेत्र में निवेश के लिए भी कीश एक उचित स्थान है। इस द्वीप में दो आधुनिक अस्पताल हैं, जिनमें माहिर चिकिस्तकों के हाथों प्लास्टिक सर्जरी की सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे यहां मेडिकल टूरिज़्म में काफ़ी संभावनाएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा, दसियों फ़ाइव स्टार होटलों का निर्माण किया जा रहा है, ताकि अगले 10 वर्षों में 25 लाख पर्यटकों के लिए प्रबंध किया जा सके।