Apr ११, २०१६ ११:४३ Asia/Kolkata
  • बैटमैन

20 जुलाई शुक्रवार की रात एक अमरीकी युवा द्वारा एक सिनेमा हाल में बैटमैंन फ़िल्म के प्रिमियर के दौरान फ़ायरिंग करके 12 लोगों को हताहत और 58 लोगों को घायल करने की घटना, कुछ दिनों तक विश्व के संचार माध्यमों की सुर्ख़ियां बनी रहीं।

 इस घटना के दौरान एक सशस्त्र अमरीकी ने एक सिनेमा हाल में दर्शकों पर फ़ायरिंग कर दी और जैसे जैसे इस आक्रमण के मुख्य अपराधी जेम्स होल्मज़ के संबंध में ताज़ा समाचार संचार माध्यमों में प्रकाशित हो रहे थे अमरीकी जनता में भय व्याप्त होता जा रहा था। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि फ़िल्म आरंभ हुए अभी कुछ समय ही बीता था कि आक्रमणकारी एक आपातकालीन द्वार से हाल में प्रविष्ट हुआ और उसने आंसू गैस का गोले फ़ायर करके दर्शकों को भयभीत कर दिया और उसके बाद भागते हुए लोगों पर फ़ायरिंग कर दी। जेम्स होल्मज़ ने ऊपर से नीचे तक काले कपड़े, बुलेट प्रूफ़ जैकेट पहन रखा था तथा गैस मास्क और काला चश्मे लगा रखा था और उसके हाथों में शस्त्र थे। आक्रमणकारी ने गिरफ़्तारी के बाद पुलिस को बयान देते हुए स्वयं को बैटमैंन फ़िल्म का विलेन जोकर बताया। उसने अपने अपार्टमेंट में विस्फोटक जाल बुन रखा था और उसकी गाड़ी में अज्ञात विस्फोटक डिवाइस भी मिला है। आक्रमणकारी अमरीका के क्लोराड प्रांत के डेन्वर विश्वविद्यालय में न्यूरोलॉजी विषय में पीएचडी का छात्र है और उसकी कोई अपराधिक छवि भी नहीं है।

इस भयावह घटना के बाद अमरीका के सिनेमा हालों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर दिए गये और अमरीका की श्रंखलाबद्ध सिनेमा कंपनी एएमसी के मालिक ने घोषणा की कि आज के बाद से सिनेमा घरों में दर्शकों को मास्क लगाकर आने और खिलौना बंदूक लाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी प्रकार जापान, मैक्सिको और फ़्रांस जैसे देशों में इस फ़िल्म के प्रिमियर शो रद्द कर दिए गये और यहां तक कि कुछ देशों ने इस फ़िल्म के प्रदर्शन को प्रतिबंधित कर दिया है। अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और राष्ट्रपति चुनाव के अभियान और चंदा एकत्रित करने में लगे राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी मिट रोमनी ने अपने कार्यक्रमों को स्थगित करके इस घटना में मारे गये लोगों के परिजनों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। इसके बावजूद इन दोनों नेताओं ने अमरीका में शस्त्रों को सरलता से प्राप्त करने और उनको रखने के क़ानून में परिवर्तन या अच्छे ढंग से उसके नियंत्रण के बारे में कोई बयान नहीं दिया और देश में हथियार रखने के क़ानून के बारे में होने वाली अधिकतर चर्चाओं को उनके हाल पर छोड़ दिया।

दा डार्क नाइट राइज़िज़ नामक फ़िल्म यद्यपि उत्तरी अमरीका में सबसे अधिक बिकने वाली फ़िल्म है किन्तु क्लोराड जनसंहार के कारण बाक्स आफ़िस पर यह फ़िल्म आशा के अनुरूप नहीं रही। इस फ़िल्म ने अपने प्रिमियर के पहले ही सप्ताह में उत्तरी अमरीका के इतिहास की टू डाइमेनेश्नल फ़िल्मों के रेकार्ड तोड़ दिए हैं। इससे पहले यह रेकार्ड इसी श्रंखला, दा डार्क नाइट के नाम पर था जिसका प्रिमयर वर्ष 2008 में हुआ था। इसके बावजूद यह कहा जा रहा था कि यह फ़िल्म 170 से 200 मिलियन डालर तक का बिज़नेस करेगी।

हालिवुड के अधिकांश स्टूडियो ने इस त्रासदी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए जिसको विश्व के संचार माध्यमों ने व्यापक कवरेज दिया, घोषणा की है कि क्लोराडो घटना में मारे जाने वालों से सहृदयता व्यक्त करने के लिए यह घोषणा नहीं करेंगे कि इस सप्ताह उनकी फ़िल्मों ने कितने का बिज़नेस किया है। इसी प्रकार घोषणा की गयी कि गैंगस्टर स्क्वाड नामक अपराधिक फ़िल्म के प्रिमियर को जनवरी वर्ष 2013 तक के लिए टाल दिया गया है। यह फ़िल्म वर्ष 1940 के दशक में लास एंजलेस की पुलिस और अपराधियों तथा गैंगस्टरों के मध्य रक्तरंजित झड़पों पर बनाई गयी है। फ़िल्म के क्लाइमेक्स में एक ऐसा दृश्य मौजूद है जिसमें गैंगस्टर, फ़िल्म हाल के पर्दे के पीछे से दर्शकों पर फ़ायरिंग करते हैं। अलबत्ता अपेक्षा यह की जा रही है कि इस फ़िल्म का रिमेक्स किया जाएगा। गैंगस्टर स्क्वाड फ़िल्म में होने वाला जनसंहार लास एंजलेस के सिनेमा घर में होता है और कहा यह जा रहा है कि यह दृश्य फ़िल्म के क्लाइमेक्स में से एक है और इसको सेंन्सर करने का अर्थ है कि इसका रिमेक्स किया जाए।

क्लोराडो के सिनेमाघर में दर्शकों के जनसंहार का समाचार यद्यपि दहला देने वाला था किन्तु वास्तविकता यह है कि आश्चर्य चकित करने वाला नहीं था। सिनेमा हाल में जनसंहार, उस स्वाभाविक मार्ग का परिणाम है जो वर्षों पहले से पश्चिमी समाज और सिनेमा में आरंभ हो चुका है और मानो अब वह भरपूर जवानी पर है।

दा डार्क नाइट राइज़िज़ पहली फ़िल्म नहीं है जिसके प्रिमियर शो के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरों पर फ़ायरिंग की और प्रिमियर शो को शोक सभा में परिवर्तित कर दिया। अतीत में भी इस प्रकार की घटना घट चुकी हैं और फ़िल्म की हिंसा या दर्शक के व्यक्तिगत क्रोध की भेंट ऐसे कई लोग चढ़ चुके हैं जो मनोरंजन के लिए सिनेमा आए थे। उदाहरण स्वरूप वर्ष 1988 में लास एंजलेस में कलर्स नामक फ़िल्म के प्रिमियर शो के दौरान 13 युवाओं को गिरफ़्तार किया गया। इस फ़िल्म में लास एंजलेस पुलिस को मवालियों और ग़ुंडों से संघर्ष करते हुए दिखाया गया था। गिरफ़्तार हुए युवाओं का संबंध दो ग़ुंडा पार्टियों से था जो लड़ाई झगड़े के लिए सिनेमा हाल के बाहर एकत्रित हुए थे। ठीक उसी समय नगर में सड़कों पर भी कुछ अन्य लोगों को गिरफ़्तार किया गया जो इस फ़िल्म को सिनेमा हाल में दिखाए जाने का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शनकारी नारा लगा रहे थे कलर्स फ़िल्म, बच्चों की हत्या का कारण है।

थ्रीडी फ़िल्म का एक अन्य उदाहरण The Matrix मैटरिक्स नामक फ़िल्म है, बावजूद इसके कि इस फ़िल्म के शो के दौरान सिनेमा हाल में कोई भी हिंसक कार्यवाही नहीं हुई किन्तु कुछ लोगों ने यह स्वीकार किया है कि यह वैज्ञानिक व काल्पनिक फ़िल्म उन्हें अपराध की ओर ले गयी है। अब भी बहुत से लोगों का यह मानना है कि Columbine क्लंमबाइन इन्टर कालेज में वर्ष 1999 में होने वाले जनसंहार का संबंध जिसमें 12 लोग मारे गये थे, इस फ़िल्म की आरंभिक श्रंखला से है जो इस घटना से कुछ सप्ताह पूर्व सिनेमा हालों में दिखाई गयी। वर्ष 2003 में एक 19 वर्षीय लड़के के वकील ने जिसने अपने माता पिता की हत्या कर दी थी, दावा किया था कि उनके मुवक्किल ने सोचा कि वह मैटरिक्स अर्थात एक काल्पनिक संसार में जीवन व्यतीत कर रहा है। वर्ष 2007 में भी एक व्यक्ति ने जिसने अपने मकान मालिक की हत्या कर दी थी, दावा किया कि वह मैटरिक्स फ़िल्म में खोया हुआ था।

बैटमैंन को, फ़िल्म उद्योग के मनोरंजन का सबसे प्रभावी उत्पादन समझा जाता है। बैटमैंन को फ़िल्मों, एनीमीश्न, कामिक्सों, कम्यूटर गेम्स, हज़ारों उपकरणों और विशेष प्रकार की गाड़ी, उसके विदित रूप व क्रियाकलाप के कारण सभी पहचानते हैं। बैटमैंन की कहानी के एक किरदार का नाम जोकर है जो अपनी निर्दयी और पागलपन कार्यवाहियों के कारण प्रसिद्ध है। सात दशकों से अधिक समय से बैटमैंन की फ़िल्मों और कहानियों पर जोकर का राज है। यद्यपि जोकर के बाल का रंग हरा है और जेम्स होल्मज़ ने भी अपने बालों को डाई कराई थी और उसने दावा किया कि वह जोकर है।

यह दावा बहुत ही ख़तरनाक है। जोकर की भूमिका में क्या विशेष बात पायी जाती है कि मेडिकल कालेज का एक छात्र स्वयं को जोकर बताए। ऐसा प्रतीत होता है कि जोकर भयावह और हिंसक प्रवृत्ति का व्यक्ति है जिसका कभी भी मार्गदर्शन किया किया जा सकता, उसको किसी की परवाह नहीं है, उसको किसी में रुचि नहीं है और उसका दिल केवल पागलपन के खेलों में लगता है। बैटमैंन के अनुसार, वह केवल दुनिया को जलता हुआ देखना चाहता है। जोकर, बुरे और हिंसक व्यक्ति का ऐसा प्रतीक है जो न केवल बुरे और हिंसक कार्य करता है बल्कि उनसे आनंद उठाता है। बैटमैंन फ़िल्मों में इस भूमिका का ख़ालीपन और तबाही इतनी सीमा तक बढ़ गया कि बहुत से लोगों का मानना है कि बैटमैंन फ़िल्म में जोकर की भूमिका निभाने वाले हेथ लेड्गर की दर्दनाक मौत का कारण वह भारी दबाव था जो भूमिका निभाने के लिए उन पर डाला गया था और इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली थी।

इस चर्चा से संबंधित एक अन्य महत्त्वपूर्ण बात, बैटमैंन की कामिक्स से संबंधित घटना से है। 26 वर्ष पूर्व कैफ़े गेम नामक एक पुस्तक प्रकाशित हुई। इसमें बयान किया गया है कि एक अर्नोल्ड क्रीम्प नामक व्यक्ति राक डांसर ग्रुप के एक गाने को कई बार सुनने के बाद पागल हो गया और पिस्तौल लेकर उस सिनेमा घर की ओर जाता है जहां बैट की भूमिका पर आधारित एक फ़िल्म दिखाई जा रही थी। अपना मानसिक संतुलन खो चुका अर्नाल्ड क्रीम्प बीच फ़िल्म में खड़ा होता है और पागलों की तरह लोगों पर फ़ायरिंग करता है। इस घटना में तीन लोग मारे जाते हैं। संचार माध्यमों ने इस घटना के लिए बैटमैंन को ज़िम्मेदार ठहराया।

बीसवीं शताब्दी के चालीस के दशक से अब तक बैटमैंन कामिक्स का एक प्रसिद्ध नायक रहा है जिसने जोकर, पेंगविन और कैटवोमेन सहित बहुत से शत्रुओं को पराजित किया है किन्तु अमरीकी प्रांत क्लोराडो में यह काल्पनिक कहानी कुछ कहानियों और फ़िल्मों की भांति कटु वास्तविकता में परिवर्तित हो गयी। बैटमैंन एक काल्पनिक व्यक्ति है जिसकी रचना कुछ लेखकों और चित्रकारों ने की है। बैटमैंन, कामिक्स और चित्रकारिता की पुस्तकों में तो प्रसिद्ध नायक हो सकता है किन्तु अब वह समय आ गया है जब वास्तविकता और कल्पना की सीमा स्पष्ट हो। पश्चिमी फ़िल्म उद्योग को दर्शकों को यह बताना चाहिए कि इन घटनाओं में उनकी भूमिका कितनी है और या वे बैटमैंन का समर्थन कर रहे हैं या यह कि जोकर के क्रियाकलापों से प्रसन्न हैं? वर्तमान पीढ़ी के मन मस्तिष्क और बुद्धि पर इन संचार माध्यमों का नियंत्रण कब तक जारी रहेगा?