Jun ३०, २०१९ ११:५५ Asia/Kolkata

मनुष्य का पूरा जीवन विभिन्न प्रकार के पाठों से भरा हुआ है अर्थात वह अपने जीवन में बहुत सी घटनाओं से पाठ लेकर बहुत कुछ सीख सकता है। 

अगर मनुष्य वास्तव में अपनी आखों को खोले और अपने इर्दगिर्द घटने वाली घटनाओं की समीक्षा करे तो सृष्टि के बहुत से रहस्य उसके लिए स्पष्ट हो जाएंगे।  इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि मनुष्य के लिए बहुत सी चीज़ें स्पष्ट होती हैं।  वे उसकी निगाहों के सामने होती हैं लेकिन उनके बारे में मनुष्य थोड़ा सा सोच-विचार नहीं करता।  इस प्रकार वह उससे पाठ हासिल नहीं कर पाता।

मनुष्य के जीवन में जो अनेकों घटनाएं घटती हैं उनमें से एक मौत भी है।  मौत एक एसी वास्तविकता है जिसे अनेदखा नहीं किया जा सकता।  जो भी इस संसार में आएगा उसे मरना है।  एक दिन मनुष्य को इस नश्वर संसार के भौतिक जीवन को त्याग करके सदा रहने वाले संसार की ओर जाना है।  वह एसा संसार है जिसके बारे में हमको अधिक जानकारी नहीं है किंतु वास्तविकता यह है कि वह मौजूद है।  मनुष्य अपने जीवन में लोगों को मरते हुए देखता है।  लोगों का मरना उसके लिए सामान्य सी बात हो जाता है।  विशेष बात यह है कि वह रास्ता जिसपर सब जा रहे हैं उसपर हमें भी जाना है।  अब हमें यह सोचना चाहिए कि परलोक के लिए हम क्या ले जा रहे हैं।  हमने वहां जाने की तैयारी कैसी की है।  वहां हम क्या करेंगे।  यह एसे प्रश्न हैं जो मनुष्य के मन में आते हैं।  मनुष्य को परलोक जाने के लिए निश्चित रूप में कुछ तैयारी अवश्य करनी चाहिए।

इमाम जाफ़र सादिक़ अलैहिस्सलाम कहते हैं कि मरने से पहले मनुष्य को तीन काम करने चाहिए।  पहला सदक़ा देना अर्थात दान-दक्षिणा।  जब कोई मनुष्य ईश्वर के लिए दान देता है तो उसका पुण्य उसे संसार में भी मिलता है और मरने के बाद भी। परोपकारी काम करने का सवाब मनुष्य को बाद तक मिलता रहता है।  दूसरा समाज में रहकर कोई एसा काम करना हो मनुष्य के मरने के बाद भी जारी रहे।  जबतक वह काम होता रहेगा उसका सवाब उस व्यक्ति तक पहुंचता रहेगा जिसने वह अच्छा काम शुरू किया था।  तीसरा, संतान का अच्छा प्रशिक्षण करना।  अपनी संतान का एसा प्रशिक्षण करना कि वह उसके बाद समाज के लिए शांति का कारण बने अशांति का नहीं।  अगर कोई व्यक्ति अपनी संतान का प्रशिक्षण इस प्रकार से करे कि वह लोगों के लिए कठिनाई का कारण न बने तो यह काम उस व्यक्ति की मौत के बाद भी उसकी भलाई का कारण बनता है।

 

टैग्स