भगवा ध्वज ही बन जाएगा भारत का राष्ट्रीय ध्वजः ईश्वरप्पा
https://parstoday.ir/hi/news/india-i109266
भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि भविष्य में कभी भी भगवा ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है।
(last modified 2023-04-09T06:25:50+00:00 )
Feb ०९, २०२२ २२:५० Asia/Kolkata
  • भगवा ध्वज ही बन जाएगा भारत का राष्ट्रीय ध्वजः ईश्वरप्पा

भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का कहना है कि भविष्य में कभी भी भगवा ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है।

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायत राजमंत्री के.एस. ईश्वरप्पा का कहना है कि फिलहाल तो तिरंगा ही राष्ट्रीय ध्वज है किंतु आने वाले समय में कभी भी भगवा ध्वज, राष्ट्रीय ध्वज बन जाएगा।

भाजपा नेता ईश्वरप्पा का कहना था कि सैकड़ों वर्ष पूर्व श्री रामचन्द्र और मारूति के रथों पर भगवा झंडे लगे होते थे।  क्या उस समय भारत में तिरंगा झंडा था?

पत्रकारों के इस सवाल के जवाब में कि क्या लाल क़िले पर भगवा झंडा फहराया जा सकता है, ईश्वरप्पा ने कहा कि आज नहीं तो भविष्य में किसी दिन ज़रूर। भाजपा नेता का कहना था कि हम भगवा ध्वज फहराने वाले लोग हैं।  आज नहीं तो कल, कभी तो देश में हिंदू धर्म आएगा।  उनका कहना था कि उस समय हम लाल क़िले पर भगवा ध्वज फहराएंगे।

उन्होंने कहा कि आज देश में हिंदु विचार और हिंदुत्व पर चर्चा हो रही है।  कर्नाटक के मंत्री ईश्वरप्पा का कहना था कि एक समय लोग हमपर हंसते थे जब यह कहा जाता था कि अयोध्या में राम मंदिर बनेगा।  उसी तरह भविष्य में कभी भी भगवा हमारा राष्ट्रीय ध्वज बन सकता है।

कर्नाटक के ग्रामीण विकास और पंचायत राजमंत्री के.एस. ईश्वरप्पा का यह भी कहना था कि क्योंकि तिरंगे को राष्ट्रीय ध्वज के रूप में स्वीकार कर लिया गया है तो फिलहाल इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो भी तिरेंगे का सम्मान नहीं करते वे देशद्रोही हैं।