मोदी सरकार में दम है तो मरवा कर दिखायेः उद्धव ठाकरे
शिवसेना अध्यक्ष और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मोदी सरकार को चुनौती दी है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में दम है तो दाउद इब्राहिम को मरवाकर दिखाए। महाराष्ट्र विधानसभा में बोलते हुए उद्धव ठाकरे ने एनसीपी नेता नवाब मलिक का बचाव करते हुए कहा कि नवाब मलिक के रिश्ते दाउद इब्राहिम से हैं तो इतने सालों तक केंद्रीय एजेंसियां क्या कर रही थीं? महाराष्ट्र विधानसभा के बाहर नवाब मलिक के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे बीजेपी विधायकों के संदर्भ में उन्होंने ये बात कही।
उद्धव ठाकरे ने भारत की केंद्र की बीजेपी सरकार से पूछा कि (उन्हीं के शब्दों में) आतंकी अफजल गुरु और बुरहान वानी से सहानुभूति रखने वाली पीडीपी के साथ मिलकर उसने क्यों सरकार बनाई? इस दौरान उद्धव ठाकरे बीजेपी नेता और पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस पर भी जमकर बरसे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रवर्तन निदेशालय को चाहिए कि वह देवेंद्र फडणवीस को नौकरी पर रख ले।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि बीजेपी पिछला चुनाव राम मंदिर पर लड़ी और अब अगले चुनाव में दाउद इब्राहिम के नाम पर वोट मांगेगी। उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का जिक्र करते हुए कहा कि बराक ओबामा ने पाकिस्तान में घुसकर लादेन को मरवाया फिर भी कभी लादेन के नाम पर वोट नहीं मांगा।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में शिवसेना की सहयोगी पार्टी एनसीपी के नेता नवाब मलिक को ईडी ने दाउद इब्राहिम मनी लॉन्ड्रिंग केस में 23 फरवरी को गिरफ्तार किया था। एनसीपी ने नवाब मलिक को अस्थाई तौर पर उनके सभी पदों से हटा दिया है। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!