अज़ान के समय लाउडस्पीकर पर भजन रोकना, पुलिस कमिश्नर को पड़ा मंहगा
https://parstoday.ir/hi/news/india-i111930-अज़ान_के_समय_लाउडस्पीकर_पर_भजन_रोकना_पुलिस_कमिश्नर_को_पड़ा_मंहगा
महाराष्ट्र राज्य के नासिक ज़िले के पुलिस कमिश्नर के अज़ान के समय लाउडस्पीकर पर भजन न बजने के निर्देश के बाद उनका तबादला कर दिया गया।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Apr २२, २०२२ ०३:४७ Asia/Kolkata
  • अज़ान के समय लाउडस्पीकर पर भजन रोकना, पुलिस कमिश्नर को पड़ा मंहगा

महाराष्ट्र राज्य के नासिक ज़िले के पुलिस कमिश्नर के अज़ान के समय लाउडस्पीकर पर भजन न बजने के निर्देश के बाद उनका तबादला कर दिया गया।

नासिक के पुलिस आयुक्त दीपक पांडे ने एक निर्देश जारी किया था कि अज़ान के 15 मिनट पहले और 15 मिनट बाद तक मस्जिद के 100 मीटर के दायरे के भीतर किसी को भी लाउडस्पीकर पर भजन या गाने बजाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस निर्देश जारी होने के बाद उनका उनके पद से तबादला कर दिया गया है।

पांडे ने 18 अप्रैल को ही इस संबंध में निर्देश जारी किए थे। इसी दौरान उन्होंने शहर के धार्मिक स्थलों को भी 3 मई से पहले लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति लेने का निर्देश दिया था।

उन्होंने कहा था कि जो धार्मिक स्थल ऐसा नहीं करेंगे, उनके ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई होगी जिसमें पुलिस द्वारा संभवत: हिरासत में भी लिया जा सकता है।

निर्देश में कहा गया कि हर चर्च, मंदिर, गुरुद्वारा या मस्जिद को नासिक पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक आवेदन दाख़िल करके लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की अनुमति लेनी होगी।

पांडे का यह आदेश महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे द्वारा महाराष्ट्र सरकार को दिए उस अल्टीमेटम के जवाब में आया था जिसमें ठाकरे ने महाराष्ट्र सरकार से 3 मई तक मस्जिदों के बाहर लगे लाउडस्पीकर हटाने की मांग की थी जिनसे अज़ान होती है। उन्होंने धमकी दी थी कि अगर ऐसा नहीं होता है तो वे लाउडस्पीकर पर हनुमान चालीसा बजाएंगे।

पांडे की नई नियुक्ति विशेष महानिरीक्षक (महिलाओं पर अत्याचार की रोकथाम विभाग) के तौर पर हुई है, जिसे साइडलाइन पोस्टिंग के तौर पर देखा जाता है।

पांडे के तबादले को उस पत्र से भी जोड़ा जा रहा है, जो उन्होंने इस महीने की शुरुआत में महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक को लिखा था, जिसमें उन्होंने राजस्व अधिकारियों पर नागरिकों को परेशान करने और राज्य के भू-माफ़ियाओं के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया था। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए