आपस में भिड़ सकते हैं शिवसैनिक, हालात हुए ख़राब, पुलिस अलर्ट
https://parstoday.ir/hi/news/india-i114130-आपस_में_भिड़_सकते_हैं_शिवसैनिक_हालात_हुए_ख़राब_पुलिस_अलर्ट
महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच पार्टी प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ एकजुटता दिखाने के लिए शिवसैनिक सड़कों पर उतर सकते हैं, इस डर से मुंबई पुलिस को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jun २५, २०२२ ०७:१२ Asia/Kolkata
  • आपस में भिड़ सकते हैं शिवसैनिक, हालात हुए ख़राब, पुलिस अलर्ट

महाराष्ट्र में जारी राजनीतिक संकट के बीच पार्टी प्रमुख और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ एकजुटता दिखाने के लिए शिवसैनिक सड़कों पर उतर सकते हैं, इस डर से मुंबई पुलिस को किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है।

शिवसेना में हुए इस विद्रोह का असर महाराष्ट्र की राजनीति में आगामी दिनों में भी रहेगा। इसलिए पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने का आदेश दिया गया है। महा विकास अघाड़ी सरकार में कई लोगों का मानना ​​है कि अगर शिवसैनिकों को हिंसा फैलाने से नियंत्रित नहीं किया गया, तो यह केंद्र को एक मौका देगा कि वह राष्ट्रपति शासन की सिफारिश करे और फिर वर्तमान सरकार के पास सत्ता बचाने का कोई आधार नहीं बचेगा।

मुंबई में प्रमुख नेताओं विशेषकर शिवसेना के विद्रोही और भाजपा के देवेंद्र फडणवीस के घरों और चौक-चौराहों पर सुरक्षा दोगुनी कर दी गई है, किसी भी हिंसक विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस नजर बनाए हुए है। इससे पहले उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार शाम शिवसेना के बृहन्मुंबई महानगर पालिका पार्षदों के साथ बैठक की. उन्होंने मीटिंग में कहा,`’कुछ दिन पहले मुझे शक हुआ तो मैंने एकनाथ शिंदे को फोन किया और कहा, शिवसेना को आगे ले जाने का अपना कर्तव्य निभाओ, ऐसा करना सही नहीं है। उन्होंने मुझसे कहा एनसीपी-कांग्रेस हमें खत्म करने की कोशिश कर रही है और विधायक चाहते हैं कि हम बीजेपी के साथ जाएं। उद्धव ठाकरे ने कहा कि जो लोग कहा करते थे कि मरते दम तक शिवसेना नहीं छोड़ेंगे, वे भाग गए। आज एनसीपी और कांग्रेस हमारा साथ दे रहे हैं, लेकिन हमारे अपनों ने पीठ में छुरा घोंपने का काम किया।

महाराष्ट्र के डिप्टी स्पीकर नरहरि जिरवाल ने उद्धव कैंप के अजय चौधरी को विधायक दल के नेता के रूप में मान्यता दे दी है। इसके अलावा सुरेश प्रभु को चीफ व्हिप चुना गया है। एकनाथ शिंदे की तरफ से भी डिप्टी सीएम को पत्र लिखा गया था। इसमें कहा गया था कि संख्याबल के हिसाब से वे लोग मजबूत हैं और वह खुद विधायक दल के नेता हैं।

शिवसेना ने डिप्टी स्पीकर को पत्र लिखकर बागी हुए 16 विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। इस पर विधानसभा सचिवालय में महाधिवक्ता आशुतोष कुंभकोनी के साथ बैठक हुई। इसमें अरविंद सावंत, अनिल देसाई मौजूद रहे। अनिल देसाई ने बताया कि बागियों की सदस्यता रद्द करने को लेकर कानूनी पहलुओं पर चर्चा हुई। अब सभी बागियों को नोटिस भेजा जाएगा। अगर बाग़ियों की सदस्यता रद्द कर दी जाती है तो वे फ्लोर टेस्ट में वोट नहीं कर पाएंगे।

शिवसेना में चल रही उथल-पुथल के बीच पार्टी के मुखिया उद्धव ठाकरे ने शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। यह बैठक शिवसेना भवन में दोपहर 1 बजे से शुरू होगी। बैठक में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे वर्चुअल रूप से शामिल होंगे। (AK)

 

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए