भारत में बेरोज़गारी अपने चरम पर, आंकड़े हैं हैरान करने वाले
भारत में बेरोज़गारी दर जून में बढ़कर 7.80 प्रतिशत पर पहुंच गई। पिछले महीने विशेषकर कृषि क्षेत्र में 1.3 करोड़ लोगों को रोज़गार से हाथ धोना पड़ा जिसके कारण बेरोज़गारी बढ़ी है।
आर्थिक शोध संस्थान सेंटर फॉर मॉनिटरिंग इंडियन इकोनॉमी के आंकड़ों के अनुसार जून महीने में रोज़गार में कमी से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोज़गारी दर बढ़कर 8.03 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो मई में 7.30 प्रतिशत थी। शहरी क्षेत्रों में स्थिति कुछ बेहतर रही और बेरोजगारी दर 7.3 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि मई में यह 7.12 प्रतिशत थी।
सीएमआईई के प्रबंध निदेशक महेश व्यास ने कहा कि बिना लॉकडाउन वाले महीने में रोज़गार में इतनी कमी सबसे बड़ी गिरावट है। यह मुख्य रूप से गांवों में और मौसमी है। गांवों में कृषि क्षेत्र में गतिविधियां सुस्त हैं और जुलाई में बुवाई शुरू होने के साथ स्थिति पलटने की पूरी उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि यह कमी मुख्य रूप से असंगठित क्षेत्र में हुई है। यह संभवत: काफी हद तक श्रमिकों के पलायन का मामला है, न कि आर्थिक नरमी का।
आंकड़ों के अनुसार, बेरोजगारी की सबसे ऊंची दर हरियाणा में 30.6 प्रतिशत रही. इसके बाद क्रमश: राजस्थान में 29.8 प्रतिशत, असम में 17.2 प्रतिशत, जम्मू-कश्मीर में 17.2 प्रतिशत और बिहार में 14 प्रतिशत रही। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए