नए साल की शुरूआत में ही दिल्ली-एनसीआर में भूकंप
भारत की राजधानी नई दिल्ली और उसके आसपास के इलाक़ों में रविवार तड़के भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 3.8 थी। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र हरियाणा के झज्जर में था। भूकंप का केंद्र ज़मीन के अंदर 5 किलोमीटर था। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के कई झटके महसूस किए जा चुके हैं।
नेशनल सेंटर फॉर सेसमोलॉजी ने बताया कि पहली जनवरी, 2023 को रात एक बजकर 19 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए।
भूकंप के यह झटके उस समय महसूस किए गए, जब बहुत से लोग नए साल का जश्न मना रहे थे।
इससे पहले 12 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय भूकंप की तीव्रता 5.4 रिक्टर स्केल पर थी। इसका केंद्र नेपाल में था और गहराई 10 किलोमीटर के क़रीब थी।
उसके बाद 29 नवंबर 2022 को भी दिल्ली और आसपास के इलाक़ों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। msm