सिसोदिया गिरफ़्तार, अगला नंबर केजरीवाल का, बीजेपी
रविवार को सीबीआई ने दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ़्तार कर लिया है।
सीबीआई ने दिल्ली सरकार की शराब नीति में कथित घोटाले के आरोपों में सिसोदिया को गिरफ़्तार किया है।
रविवार को सीबीआई ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था और शाम सात बजे ख़बर आई कि उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया है।
आम आदमी पार्टी ने सिसोदिया की गिरफ़्तारी को तानाशाही बताया है। पार्टी ने कहा कि बीजेपी ने यह गिरफ़्तारी राजनीतिक द्वेष के चलते की है।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया को बेक़सूर बताया है। उन्होंने दावा किया कि इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
सिसोदिया की गिरफ़्तारी के बाद सीबीआई ने बयान जारी कर कहा है कि दिल्ली की शराब नीति के अनुपालन में हुई गड़बड़ी की जांच के दौरान सिसोदिया को गिरफ़्तार किया गया है।
वहीं भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि सिसोदिया को तो गिरफ़्तार होना ही था, अगला नंबर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का है।
बीजेपी नेता कपिल मिश्रा ने एक ट्वीट करके कहाः मैं शुरू से कह रहा हूं, केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल जाएंगे, इनमें से दो लोग जेल जा चुके हैं, अब अगला नंबर केजरीवाल का है।
सीबीआई ने अपने बयान में कहा है कि 2021-22 के लिए बनाई गई आबकारी नीति में गड़बड़ी के मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 14 अन्य लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया गया था।
जांच एजेंसी का आरोप है कि नई शराब नीति लागू होने के बाद सरकारी ख़ज़ाने को नुक़सान पहुंचाया गया था। msm