ममता बनर्जी दूसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनीं
ममता बनर्जी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ ली।
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। उनके साथ पार्टी के 41 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन 41 मंत्रियों में 17 नए चेहरे हैं। विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस पार्टी ने 294 में से 211 सीटें जीत कर भारी बहुमत हासिल किया है। कोलकाता में प्रसिद्ध रैड रोड़ पर आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। ममता बैनर्जी ने बंगला में ईश्वर और अल्लाह के नाम पर शपथ ली।
उनके मंत्री मंडल में 41 लोग शामिल हैं जिनमें से सात मंत्री अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। तीन महिलाओं को मंत्रिपरषिद में शामिल किया गया है। ममता बनर्जी के शपथग्रहण समारोह में केन्द्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फ़ारूक अब्दुल्ला मौजूद थे। भूटान के प्रधानमंत्री त्शेरिंग तोबगे, बांगलादेश के उद्योग मंत्री अमीर हुसैन अमु और कोलकाता में उप-उच्चायुक्त भी इस समारोह में शामिल हुए। (HN)