भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया, राहुल गांधी
भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर हमले का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि बीजेपी कार्यकर्ता यात्रा पर हमला करने आए थे, लेकिन जब वह बस से उतरे तो बीजेपी वर्कर भाग गए।
राहुल गांधी ने रविवार को एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहाः हमारी बस के सामने लाठियों से लैस 20-25 बीजेपी कार्यकर्ता आ गए और जब मैं बस से बाहर निकला, तो वे भाग गए, वे सोचते हैं कि कांग्रेस बीजेपी और आरएसएस से डरती है, वे सपने देख रहे हैं।
उन्होंने कहाः वह जितना चाहें पोस्टर और बैनर फाड़ें, हमें कोई फ़र्क़ नहीं पड़ता। हम किसी से नहीं डरते। हमें तो नरेंद्र मोदी या असम के मुख्यमंत्री का कोई डर है।
कांग्रेस का आरोप है कि असम में यात्रा में शामिल वाहनों को निशाना बनाया गया और पोस्टर, स्टिकर फाड़ दिए गए।
रविवार को जयराम रमेश समेत कई कांग्रेसी नेताओं ने यात्रा पर हमले के आरोप लगाए हैं।
शुक्रवार को भी यात्रा में शामिल वाहनों को निशाना बनाने का कांग्रेस ने आरोप लगाया था और शिकायत दर्ज कराई थी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने आरोप लगाया है कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान उनकी कार पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया था।
14 जनवरी को मणिपुर से राहुल गांधी की यात्रा असम में पहुंची, उसके बाद ही कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि उनके क़ाफ़िले पर हमला हुआ है।
राहुल गांधी ने असम सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया था, जिसके बाद सीएम ने गांधी परिवार को भ्रष्ट कहा और यहां तक कि गिरफ़्तार करने की धमकी तक दी थी। msm