आज भारतीय किसान देशभर में कैंडल मार्च निकालेंगे
https://parstoday.ir/hi/news/india-i133634-आज_भारतीय_किसान_देशभर_में_कैंडल_मार्च_निकालेंगे
 भारतीय किसान एमएसपी और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
(last modified 2024-02-24T06:22:25+00:00 )
Feb २४, २०२४ ११:५१ Asia/Kolkata
  • आज भारतीय किसान देशभर में कैंडल मार्च निकालेंगे

 भारतीय किसान एमएसपी और स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग को लेकर अपना आंदोलन जारी रखे हुए हैं।

किसान आज पूरे भारत में कैंडल मार्च निकालेंगे। वहीं किसान आंदोलन को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका भी दाखिल की गई है।

वहीं दिल्ली कूच आंदोलन को किसानों ने 29 फरवरी तक टाल दिया है। हरियाणा-पंजाब सीमा पर खनौरी की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारी किसानों को तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसूगैस के गोले दागे तथा दोनों पक्षों के बीच शुक्रवार को फिर झड़प हुई।

किसान मजदूर मोर्चा के नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि आज कैंडल मार्च निकाला जाएगा, 25 फरवरी को किसानों से जुड़े मुद्दों पर सेमिनार आयोजित किए जाएंगे, 26 फरवरी को विश्व व्यापार संगठन और केंद्र सरकार के पुतले जलाए जाएंगे और संयुक्त किसान मोर्चा की कई बैठकें होंगी।

सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दाखिल कर आरोप लगाया गया है कि शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे किसानों के अधिकारों का केंद्र एवं कुछ राज्यों द्वारा उल्लंघन किया जा रहा है। याचिका में दावा किया गया कि किसान संगठनों के प्रदर्शन के आह्वान के बाद केंद्र और कुछ राज्यों ने धमकी दी है और राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं की किलाबंदी कर दी है। याचिका में उचित आदेश का अनुरोध किया गया है।

संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शुक्रवार को 'काला दिवस' मनाया। किसानों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के पुतले फूंके। हिंसा में मारे गये किसान शुभकरण सिंह के प्रति शोक व्यक्त करने के लिए 'एसकेएम ने 'काला दिवस' मनाने का आह्वान किया था।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शुक्रवार को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए 1.89 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश करते हुए कुछ फसल ऋणों पर ब्याज और जुर्माना माफ करने की घोषणा की। खट्टर ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए हैं और 14 फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) दिया जा रहा है। MM

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर पर हमें फ़ालो कीजिए 

फेसबुक पर हमारे पेज को लाइक करें।