पाकिस्तानी उच्चायुक्त भारतीय विदेशमंत्रालय में तलब, सौंपे गये सबूत
भारत ने कहा है कि उसने सीमा पार से उड़ी सेक्टर पर आतंकी हमले के प्रमाण पाकिस्तान को सौंप दिए हैं।
भारतीय विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने अपने ट्वीटर संदेश में कहा कि नई दिल्ली में तैनात पाकिस्तानी उच्चायुक्त अब्दुल बासित को विदेशमंत्रालय में तलब करके यह प्रमाण दिए हैं। विकास स्वरूप ने कहा कि पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब करके बताया गया कि हमले में सहायता करने वाले दो गाइडों को गांव के निवासियों ने पकड़ा जो इस समय हिरासत में हैं। भारतीय विदेशमंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि दोनों गाइडों का संबंध मुज़फ़राबाद से है और उनका नाम फ़ैज़ुल हुसैन आवान और यासीन ख़ुर्शीद है।
उनका कहना था कि आरंभिक जांच में उड़ी हमले में मारे जाने वाले एक हमलावर की पहचान मुज़फ़राबाद के निवासी हाफ़िज़ हमद के नाम से हुई है। उड़ी हमले के बाद पाकिस्तान पर दबाव की रणनीति जारी रखते हुए मंगलवार भारत ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को दोबारा तलब किया। भारत का कहना है कि उसने उड़ी में सेना के ब्रिगेड मुख्यालय पर हमला करने वाले लोगों के सीमा पार से संबंध होने के सबूत पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले किए हैं।
दूसरी ओर पाकिस्तानी उच्चायुक्त ने इन प्रमाणों को रद्द करते हुए कहा कि भारत कश्मीर मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए पाकिस्तान पर आरोप न लगाए। उनका कहना था कि यदि भारत इस संबंध में वास्तव में गंभीर है तो वह अंतर्राष्ट्रीय जांच से क्यों भाग रहा है।
ज्ञात रहे कि जारी महीने 18 सितंबर को जम्मू कश्मीर के ज़िले बारह मुला के उड़ी सेक्टर में भारतीय सेना की छावनी पर हमला हुआ था जिसमें 18 सैनिक मारे गये थे। हमले के तुरंत बाद ही भारत ने पाकिस्तान पर हमलों में लिप्त होने का आरोप लगाया था। (AK)