मैं बोलूंगा तो भूकंप आ जाएगाः राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नोटबंदी सबसे बड़ा घोटाला हैं। उन्होंने कहा कि मैं नोटबंदी के मुद्दे पर संसद में बहस करना चाहता हूं लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि यदि नोटबंदी के मामले पर बोलूंगा तो भूकंप आ जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहस से डर रहे हैं। अगर इस मुद्दे पर चर्चा हो तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा कि ये फैसला सही था या ग़लत। राहुल ने कहा कि मुझे संसद में बोलने का मौका मिले तो पीएम संसद में बैठ नहीं पाएंगे। राहुल ने नोटबंदी को एक बेकार फैसला बताया और कहा कि केवल उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए यह फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री पूरे देश में भाषण दे रहे हैं लेकिन लोकसभा में आने से डर रहे हैं और अगर मैं बोला तो भूकंप आ जाएगा।
दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस प्रमुख एवं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ही नोटबंदी के मुद्दे पर विपक्ष को संसद में बोलने की अनुमति नहीं दे रही है। बनर्जी ने ट्वीट किया कि यह ही बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। विपक्षी दल नोटबंदी पर संसद में बोलना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि सदन की कार्यवाही चले लेकिन सरकार ही विपक्षियों को बोलने की अनुमति नहीं दे रही। इसका मतलब यह है कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गयी है। कैशलेस अब फेसलेस हो गया है।
ममता का कहना है कि यह मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का प्रयास मात्र है। सरकार एक के बाद एक चूक करती जा रही है।
500 और 1000 रुपए के नोट को अमान्य किये जाने की मुखर विरोधी ममता बनर्जी ने नोटबंदी को देश के लिए वित्तीय आपदा बताते हुए इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज़िम्मेदार ठहराया है।