भारत में हो सकता है आतंकी हमलाः इस्राईल
इस्राईल का मानना है कि नववर्ष के आयोजनों में भारत में आतंकी हमले हो सकते हैं।
इस्राईल ने भारत जाने वाले अपने पर्यटकों को आतंकी हमले की आशंका से आगाह किया है।
इस्राईल ने अपने सैलानियों के लिए एक तत्काल एवं गंभीर यात्रा चेतावनी जारी की है। इस्राईल की ओर से जारी इस चेतावनी में भारत में नए साल के समारोहों के दौरान, विशेषकर भारत के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में आतंकी हमले के ख़तरे का उल्लेख किया गया है।
नेतनयाहू के कार्यालय की ओर से जारी इस बयान में कहा गया है कि भारत में इस्राईली पर्यटकों को पश्चिमी देशों के पर्यटकों के बीच लोकप्रिय स्थलों पर तत्काल आतंकवादी हमले की आशंका को लेकर चेतावनी दी जाती है।
इस चेतावनी में कहा गया है कि आने वाले दिनों में समुद्री तट पर नया साल मनाने के लिए आयोजित जश्नों और क्लब पार्टियों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, जहां पर्यटकों की संख्या काफी अधिक रहेगी। इस इस्राईली बयान में कहा गया है कि भारत के दक्षिण-पश्चिम हिस्से पर आतंकी हमले का गंभीर ख़तरा पाया जाता है जिसमें गोवा, पुणे, मुंबई और कोच्चि के लोकप्रिय स्थल शामिल हैं।