वीडियो वायरल होने के बाद बीएसएफ का जवान एलओसी शिफ्ट
बीएसएफ़ के एक जवान तेज बहादुर यादव पर अनुशासनहीनता के आरोप लगे हैं।
बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि तेज बहादुर यादव पर कई मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई हो चुकी है। इस जवान पर सही तरीका अपनाने की जगह वीडियो के जरिए शिकायत करने पर अनुशासनहीनता के आरोप लग रहे हैं।
वीडियो बनाने वाले बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव ने एक मीडिया चैनल को दिए जवाब में कहा कि जहां मैं रहता हूं मैने वहां के कमांडेंट को समस्याओं के बारे में मैंने सूचित किया था। जब उनकी ओर से कोई एक्शन नहीं लिया गया तो मजबूर होकर मैने वीडियो के जरिए सच्चाई दिखाने का फैसला लिया।
अपने करियर पर उठाए गए सवालों के जवाब में बीएसएफ के इस जवान ने कहा कि आरोप लगाने वालों से यह भी पूछा जाए कि अगर मैं इतना ही ग़लत था तो क्यों मुझे अवार्ड दिए गए। तेज बहादुर यादव ने बताया कि उन्हें 16 बार सम्मानित किया जा चुका है और एक बार वह गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं।
भारतीय बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव का कहना है कि मैं देशवासियों को बताना चाहता हूं कि हमलोग सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार 11 घंटे बर्फ में खड़े होकर ड्यूटी करते हैं। बर्फ कितना भी गिरे, बारिश हो या तूफान आए हमको इन्हीं हालात में ड्यूटी करते रहना है। तेज बहादुर यादव कहते हैं कि फोटो में हम आपको बहुत अच्छे लग रहे होंगे मगर हमारी जो स्थिति है उसको न तो मीडिया दिखाता है और न ही मिनिस्टर सुनता है। सरकार कोई भी आए हमारे हालात वहीं हैं। भारतीय सेना का यह जवान कहता है कि मैं वीडियो के माध्यम से यह दिखाना चाहता हूं कि हमारे अधिकारी हमारे साथ कितना अत्याचार व अन्याय करते हैं। तेज बहादुर यादव कहते हैं कि हम किसी सरकार के खिलाफ आरोप नहीं लगाना चाहते क्योंकि सरकार तो हर चीज, हर सामान हमको देती है। मगर सेना के उच्च अधिकारी सब बेचकर खा जाते हैं। हमाको तो कुछ भी नहीं मिलता। इसकी जांच होनी चाहिए।
बीएसएफ के जवान का कहना है कि ऐसे हालात हैं कि कई बार तो जवानों को भूखे पेट भी सोना पड़ता है। मैं सुबह का नाश्ता आपको दिखाऊंगा। एक पराठा मिलता है। इसमें कुछ भी नहीं है। न अचार है, न सब्जी है, सिर्फ चाय के साथ पराठा खाना पड़ता है। दोपहर का खाना मैं आपको दिखाऊंगा। दाल में सिर्फ नमक और हल्दी होती है। उसके सिवाय कुछ नहीं होगा। रोटियों भी दिखाऊंगा। मैं फिर कह रहा हूं कि भारत सरकार सब कुछ देती है उसकी तरफ से सब कुछ आता है। स्टोर भरे पड़े हैं लेकिन वो सब कुछ बाजार में चला जाता है। ये कहां जाता है? कौन बिक्री करता है, इसकी जांच होनी चाहिए।
ये जवान आगे कहता है कि मैं आदरणीय प्रधानमंत्री जी से भी कहना चाहता हूं कि कृपा कर इसकी जांच कराएं। तेज बहादुर यादव दोस्तो, ये वीडियो डालने के बाद शायद मैं रहूं या ना रहूं क्योंकि अधिकारियों के हाथ बहुत लंबे होते हैं। वो मेरे साथ कुछ भी कर सकते हैं। कुछ भी हो सकता है, आप सोचो। इसलिए इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा फैलाएं और पूरा शेयर करें। मीडिया यहां आकर जांच करे और देखे कि किन हालात में देश के जवान ड्यूटी करते हैं।
ज्ञात रहे कि जम्मू व कश्मीर में तैनात बीएसएफ के जवान तेज बहादुर यादव का शिकायती वीडियो वायरल होने के बाद अब उसे एलओसी से शिफ्ट कर दिया गया है। अफसरों का कहना है कि तेज बहादुर यादव कई बार डिसिप्लिन तोड़ चुका है।