शक्ति मिलने पर भारतीय सेना कुछ भी कर सकती हैः बालकृष्णन
सीपीएम पार्टी के एक नेता ने कहा है कि भारतीय सेना को यदि पूरी शक्ति दे दी जाए तो फिर वह कुछ भी कर सकती है।
सीपीएम के केरल के नेता कोडियारी बालकृष्णन ने कहा कि सेना को अगर पूरी ताकत दे दी जाती है तो सैनिक फिर कुछ भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सेना किसी महिला का अपहरण और रेप कर सकती है, किसी को गोली मार सकती है या इसी प्रकार का कुछ और भी कर सकती है लेकिन किसी को उससे सवाल करने का हक़ नहीं है।
एएनआई के अनुसार बालकृष्णन ने अल्पसंख्यकों के संरक्षण पर एक सेमिनार में कहा कि सेना कहीं पर कुछ भी कर सकती है। वह चार से अधिक लोगों को साथ देखने पर उन्हें गोली मार सकती है, किसी भी महिला को उठाकर उससे दुष्कर्म कर सकती है लेकिन कोई उनसे कुद पूछ नहीं सकता। कोडियारी बालकृष्णन ने कहा कि जिस राज्य में भी सेना है वहां पर ऐसी ही स्थिति है।
सीपीएम नेता ने कहा कि आतंकवाद पर लगाम लगाने के उद्देश्य से कुछ राज्यों में आफ्सपा अर्थात सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम लागू किया गया था। जम्मू व कश्मीर तथा नगालैंड में इसे लागू किया गया। बालकृष्णन के अनुसार इन राज्यों में अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं पर सेना ने ज्यादती की। उन्होंने कहा कि अगर यह अधिनियम कन्नूर में लागू कर दिया गया तो यहां पर भी यही होगा इसलिए इसे यहां लागू करने की मांग का विरोध करने के लिए सभी लोगों को आगे आना चाहिए।
ज्ञात रहे कि पिछले साल केरल में एलडीएफ सरकार के सत्ता में आने के बाद से उत्तर केरल के कन्नूर में माकपा, आरएसएस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा और राजनीतिक हत्याओं की कई घटनाएं घटीं। बाद में केरल बीजेपी के अध्यक्ष कुम्मनन राजशेखरण ने कन्नूर में अफ्सपा लगाने की मांग की है जिसके विरोध में बालकृष्णन ने यह बयान दिया जिसपर नेताओं की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं।