अरब देश अपने मतभेदों का समाधान वार्ता के माध्यम से करें-भारत
भारत ने कहा है कि अरब देशों को चाहिए कि वे अपने आपसी मतभेदों का समाधान वार्ता के माध्यम से करें।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कुछ अरब देशों द्वारा क़तर से संबन्ध विच्छे करने की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि अरब देशों को अपने मतभेद वार्ता के माध्यम से हल करने चाहिए। भारत के अनुसार तनाव बढ़ाने वाली नीतियों से बचते हुए वार्ता के मार्ग को अपनाया जाए।
भारतीय विदेश मंत्रालय के बयान में आया है कि आतंकवाद और अतिवाद दोनों ही विश्व शांति के लिए गंभीर ख़तरे हैं। बयान के अनुसार पूरे संसार को इस अभिशाप का डटकर मुक़ाबला करना चाहिए। इस प्रकार के कामों के लिए आपसी मतभेदों को एक किनारे करना होगा।
ज्ञात रहे कि सऊदी अरब, बहरैन, संयुक्त अरब इमारात और मिस्र ने क़तर से अपने संबन्ध तोड़ लिए हैं। इन देशों ने क़तर पर आतंकवाद के समर्थन करने का आरोप लगाया है।