मोदी का इस्राईल दौरा, कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हो सकते हैं हस्ताक्षर
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज इस्राईल के दौरे पर रवाना हो रहे हैं।
इस्राईल की अपनी यात्रा की पूर्व संध्या पर उन्होंने सोमवार को कहा कि वह इस्राईल के प्रधानमंत्री बिनयामीन नितिनयाहू से आतंकवाद जैसी समान चुनौतियों और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करने के विषयों पर चर्चा करेंगे।
मोदी का इस्राईल का दिन दिवसीय दौरा होगा। मोदी भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं जो इस्राईल का दौरा कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि ज़ायोनी प्रधानमंत्री बिनयामीन नितिनयाहू स्वयं बेन गोरियन हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत करेंगे। यात्रा से पहले नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी इस्राईल यात्रा का एजेंडा, आर्थिक रिश्तों को प्रगाढ करना और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाना होगा।
उनका कहना था कि मंगलवार से मैं इस्राईल की ऐतिहासिक यात्रा शुरू कर रहा हूं। ऐसा करने वाला पहला भारतीय प्रधानमंत्री होने के नाते मैं इस अभूतपूर्व यात्रा को बहुत आशा से देख रहा हूं।
भारतीय सूत्रों का कहना है कि इस्राईल की यात्रा के दौरान दोनों पक्षों के बीच ड्रोन, रडार और मिज़ाइल की बिक्री और भारत में इनके निर्माण के विषयों पर चर्चा हो सकती है जबकि रक्षा क्षेत्र में प्रतिवर्ष एक अरब डॉलर का समझौता भी हो सकता है। इस्राईल की तीन दिवसीय यात्रा के बाद नरेंद्र मोदी जी-20 सम्मेलन में भाग लेने के लिए जर्मनी के हैमबर्ग जाएंगे। (AK)