अर्वन्द में भारत का वाणिज्य दूतावास जल्द ही खुलेगा, भारतीय राजदूत
तेहरान में भारत के राजदूत ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिमी प्रांत ख़ूज़िस्तान के आज़ाद अर्वन्द इलाक़े में भारत अपना वाणिज्य दूतावास खोलने वाला है। उन्होंने आज़ाद इलाक़े अर्वन्द को भारत के लिए औद्योगिक दृष्टि से बहुत अहम बताया।
भारतीय राजदूत सौरभ कुमार ने मंगलवार को आज़ाद इलाक़े अर्वन्द में ईरान-भारत व्यापारिक व आर्थिक संबंधों में विस्तार के उपाय के लिए आयोजित एक बैठक में कहा कि दोनों देशों के बीच आर्थिक व व्यापारिक संबंधों में विस्तार के लिए उचित भूमि प्रशस्त है।
उन्होंने ख़ूज़िस्तान में रासायनिक पदार्थ के उत्पादन और उसके भारत निर्यात की ओर उल्लेख करते हुए कहा कि ख़ूज़िस्तान के रासायनिक पदार्थ का निर्यात पिछले कुछ वर्षों में 7 करोड़ डॉलर से बढ़कर 27 करोड़ डॉलर हो गया है।
उन्होंने ईरान-भारत के बीच पूंजिनिवेश के क्षेत्र में हुयी सहमतियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि वीज़े की आसानी से उपलब्धि जैसी सुविधाओं को मुहैया करने पर इन सहमतियों में बल दिया गया है।
भारतीय राजदूत सौरभ कुमार ने दक्षिण-पूर्वी ईरान के आज़ाद क्षेत्र चाबहार को भी पूंजिनिवेश की दृष्टि से अहम बताते हुए कहा कि चाबहार बंदरगाह भारत और अफ़ग़ानिस्तान के लिए बहुत अहमियत रखती है और इस क्षेत्र में कुछ औद्योगिक उत्पादों के पारस्परिक रूप से लेन-देन की संभावना मौजूद है। (MAQ/N)