असम, धमाके में 2 लोग हताहत
असम में पहले चरण के विधानसभा चुनाव के समाप्त होने के कुछ ही देर बाद ग्वालपाड़ा ज़िले में हुए बम विस्फोट में दो लोगों की मौत दो गई।
ग्वालपाड़ा में 11 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होने है। ज़िला पुलिस अधीक्षक नितुल गोगोई ने बताया कि संदिग्ध उल्फ़ा के उग्रवादियों द्वारा किए गए इस विस्फोट में चार पुलिसकर्मियों समेत 21 अन्य घायल हो गए।
विस्फोट भारतीय जनता पार्टी के एक अस्थाई चुनाव कार्यालय के निकट हुआ। गोगोई ने बताया कि ऐसा संदेह है कि बम भाजपा चुनाव कार्यालय के समीप एक बैग में रखा गया था। बम विस्फोट रात को लगभग साढ़े सात बजे हुआ।
पुलिस ने बताया कि मतृकों की पहचान हो गयी है और 21 घायलों में से 14 की हालत गंभीर है। विस्फोट में दो दुकानें भी क्षतिग्रस्त हुई है। विस्फोट से क्षेत्र में भय का वातावरण उत्पन्न हो गया है। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी है।
ज्ञात रहे कि राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से 65 पर सोमवार को मतदान का पहला चरण शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और 80 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। (AK)