भारत ने किया अस्त्र मीज़ाइल का सफल परीक्षण
भारत ने हवा से हवा में मार करने वाले आधुनिक अस्त्र मीज़ाइल का सफल परीक्षण किया है।
भारत के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर अस्त्र मीज़ाइल का परीक्षण सफलतापूर्वक ढंग से किया गया। दृश्यता सीमा से बाहर (Beyond Visual Range) हवा से हवा में मार करने वाले इस मीज़ाइल को रक्षा बेड़े में शामिल करने से पहले बुधवार को सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया। भारत के रक्षा सूत्रों ने बताया कि अस्त्र मीज़ाइल को भारतीय वायु सेना के एक एसयू-30 युद्धक विमान से फ़ायर किया गया और उसने एक मानवरहित विमान को सटीक ढंग से निशाना बनाया।
भारत के रक्षा मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि अस्त्र मीज़ाइल के 20 से अधिक परीक्षण हो चुके हैं। भारत की रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने भारतीय वायुसेना, डीआरडीओ और सहयोगी टीम सदस्यों के प्रयासों की सराहना की जो इस मिशन में शामिल थे। उन्होंने कहा है कि इस प्रकार के परीक्षण देश की प्रतिरक्षा क्षमता की मज़बूती का कारण बनेंगे। (HN)