मोदी पुतिन के साथ महत्वपूर्ण बैठक के लिए तैयार
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे और भारत- रूस कारोबारी सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत की यात्रा पर गये रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शुक्रवार को महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं।
नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार शाम ट्वीट करके कहा था कि भारत में आपका स्वागत है। आपसी विचाऱ- विमर्श के लिए उत्साहित हूं और इससे भारत तथा रूस की मैत्री और प्रगाढ़ होगी।
गौरतलब है कि गुरूवार को भारतीय प्रधानमंत्री के आवास पर दोनों देशों के नेताओं की अनौपचारिक बैठक हुयी थी। आज शुक्रवार को होने वाली बैठक में दोनों पक्ष द्विपक्षीय संबंधों और रक्षा सहयोग पर चर्चा कर सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय और अहम वैश्विक मामलों में भी चर्चा की जा सकती है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की इस यात्रा के दौरान कई समझौतों पर हस्ताक्षर किये जाने की उम्मीद है और सबकी नज़रें पांच अरब डॉलर के उस समझौते पर है जिसमें रूस से उन्न्त वायु रक्षा प्रणाली-एस 400 ट्रिम्फ हासिल की जा सकती है।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतीन राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे और भारत- रूस कारोबारी सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। पिछले कुछ समय से भारत ने रूस के साथ अपने संबंधों पर अधिक ध्यान दिया है।
भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस वर्ष मई महीने में रूस के सोच्चि में पुतिन के साथ एक अनौपचारिक सम्मेलन में भाग लेने गये थे। भारत और रूस के संबंध दशकों पुराने हैं और भारत के अधिकतर रक्षा उपकरण रूस अथवा पूर्व सोवियत संघ से ही हासिल किये गये हैं जिनमें परणाणु पनडुब्बी आईएनएस चक्र और सुखोई लड़ाकू विमान हैं। MM