आतंकवाद और वार्ता एक साथ नहीं: भारत
भारतीय विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज ने कहा है कि दिल्ली, इस्लामाबाद से तभी वार्ता करेगा जब वे आतंकवाद पर रोक लगाएगा।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, भारतीय विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज ने वाराणसी में 21 जनवरी से आरंभ होने जा रहे तीन दिवसीय “प्रवासी भारतीय दिवस” के संबंध में जानकारी देते हुए पत्रकारों से साथ बातचीत के दौरान दावा किया कि जब तक पाकिस्तान, सीमा पर घुसपैठ बंद नहीं करेगा तबतक उससे किसी भी तरह की बातचीत का कोई सवाल ही पैदा नहीं होता। प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल को न्योता भेजने और देश के विकास में पड़ोसी देशों की मदद लेने से संबंधी एक सवाल के जवाब में सुष्मा स्वराज ने कहा कि जब हम उनसे बातचीत ही नहीं कर रहे हैं तो उन्हें आमंत्रित करने का प्रश्न ही नहीं उठता है।
भारतीय विदेश मंत्री सुष्मा स्वराज ने इस्लामाबाद पर यह आरोप लगाया कि, पाकिस्तान लगातार सीमा पार से आतंकी गतिविधीयां संचालित कर रहा है, ऐसे में उसके साथ वार्ता की मेज़ पर बैठना का कोई औचित्य ही नहीं बनता है। उन्होंने एक बार फिर इस बात पर बल दिया की आतंकवाद और बातचीत की प्रक्रिया साथ-साथ नहीं चल सकती है। (RZ)