ओमान एयर के ख़िलाफ़ 5 फ़रवरी को प्रदर्शन
ओमान एयरलाइन द्वारा हज़ारों यात्रियों के साथ किए गए कथित मज़ाक से नाराज़ लोगों ने दिल्ली स्थित ओमान एयरलाइन के कार्यालय के सामने विरोध-प्रदर्शन करने का फ़ैसला किया है। इस विरोध-प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोगों के पहुंचने की बात कही जा रही है।
ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन द्वारा दिल्ली-मस्क़त-तेहरान रूट पर रियायती दरों में टिकट का ऑफ़र देकर बाद में उसे एक ग़लती बताने से ईरान में स्थित पवित्र स्थलों की ज़ियारत के लिए जाने की इच्छा रखने वाले भारतीय श्रद्धालुओं का ग़ुस्सा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार पूरी दुनिया से मुसलमान ईरान के पवित्र शहरों मशहद और क़ुम स्थित पवित्र धार्मिक स्थलों की ज़ियारत करने के लिए इस देश की यात्रा करते हैं। ईरान आने वाले श्रद्धालुओं में शिया समुदाय की संख्या सबसे अधिक होती है। इस बीच ओमान की राष्ट्रीय एयरलाइन ने अपनी आधिकारिक साइट पर दिल्ली-मस्क़त-तेहरान रूट के लिए बहुत ही कम दरों में टिकट देने की घोषणा कर दी थी, जिसके बाद पूरे भारत से हज़ारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने ओमान एयर से ईरान जाने के लिए अपने टिकट बुक करा लिए थे।
इस बीच ओमान एयर के इस ग़ैर-ज़िम्मेदाराना रवैये से नाराज़ लोगों ने 5 फ़रवरी मंगलवार के दिन राजधानी दिल्ली में सिंधिया हाउस, जनपथ, के.जी.मार्ग, कनॉट प्लेस क्षेत्र में मौजूद ओमान एयर के कार्यालय के सामने एक विशाल विरोध-पर्दर्शन करने की घोषणा की है।
इस ख़बर को भी पढ़ेंः ओमान एयर द्वारा लो फ़ेयर ऑफ़र को एक ग़लती क़रार देने से हज़ारों भारतीय ज़ायरीन ख़ुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं
ज्ञात रहे कि पूरे भारत से 5,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने ओमान एयर के स्पेशल ऑफ़र के झांसे में आकर अपने टिकटों की बुकिंग करा ली थी (RZ)