पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन
https://parstoday.ir/hi/news/india-i73138-पाकिस्तान_ने_फिर_किया_संघर्ष_विराम_का_उल्लंघन
पाकिस्तान की सेना ने संघर्ष विराम का पुनः उल्लंघन करते हुए गुरुवार को जम्मू व कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Feb २८, २०१९ ०९:३६ Asia/Kolkata
  • पाकिस्तान ने फिर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तान की सेना ने संघर्ष विराम का पुनः उल्लंघन करते हुए गुरुवार को जम्मू व कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से लगी अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी की।

भारत का कहना है कि पाकिस्तानी सेना ने गोलीबारी के साथ ही मोर्टार भी दाग़े जिसका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया।  भारतीय रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि गुरूवार को स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब छह बजे पाकिस्तानी सैनिकों ने कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के निकट बिना उकसावे गोलीबारी की और मोर्टार दाग़े। भारतीय सैनिकों ने उन्हें मुंहतोड़ जबाव दिया जिसके बाद दोनों ओर से लगभग एक घंटे तक गोलीबारी चली। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद भारत की ओर से मंगलवार को पाकिस्तान के जैशे मोहम्मद के ठिकाने पर किये गये हवाई हमले से बौखलाई पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा से लगी राजौरी, पुंछ और जम्मू सेक्टर की 50 से अधिक अग्रिम चौकियों पर भारी गोलीबारी की थी।

इस बीच जिला मजिस्ट्रेट रमेश कुमार ने सुरक्षा कारणों से जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। सांबा के मुख्य शिक्षा अधिकारी ने भी जिले के सभी स्कूलों को बंद किये जाने और संभागीय प्रशासन ने आठवीं कक्षा की परीक्षा निलंबित किये जाने का आदेश दिया है।