ईदुल अज़हा पर कश्मीर में कड़े सुरक्षा प्रबंध
भारत नियंत्रित जम्मू व कश्मीर में ईदुल अज़हा पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए।
एनडीटीवी के अनुसार सोमवार को ईदुल अज़हा के दिन जम्मू व कश्मीर में सड़कें सुनसान दिखीं। प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार श्रीनगर की अधिकांश बड़ी मस्जिदों में ईद की नमाज़ की अनुमति नहीं दी गई।
धारा 370 हटाने के बाद होने वाले व्यापक प्रदर्शनों के कारण कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था को फिर सखत कर दिया गया है। श्रीनगर में कुछ छोटी मस्जिदों में ही प्रशासन ने नमाज़ की अनुमति दी थी। इसी बीच डान समाचारपत्र ने लिखा है कि भारत ने पूरी दुनिया से कश्मीर का संपर्क समाप्त कर दिया है। संपर्क के सभी साधनों को बंद कर दिया गया है। वहां पर सड़के खाली पड़ी हैं। ईदुल अज़हा के दिन जब श्रीनगर की सड़को पर भीड़ हुआ करती थी इस बार वहां पर सन्नाटा पसरा हुआ है।
इसी बीच सूचना मिली है कि श्रीनगर के श्री महाराजा हरि सिंह अस्पताल में पैलेट गन से घायलों की संख्या में तेज़ी से वृद्धि हो रही है। अबतक इस अस्पताल में पैलेट गन से घायल, दो दर्जन से अधिक लोगों को भर्ती कराया जा चुका है। ज्ञात रहे कि जम्मू व कश्मीर से धारा 370 हटाए जाने की घोषणा के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव में तेज़ी से वृद्धि हुई है।