कश्मीर में पैलेट गन से घायल एक युवक की मौत
https://parstoday.ir/hi/news/india-i78999-कश्मीर_में_पैलेट_गन_से_घायल_एक_युवक_की_मौत
मोदी सरकार द्वारा भारत प्रशासित कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म करने के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों में घायल श्रीनगर के एक युवक की मौत हो गई है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Sep ०४, २०१९ १५:२३ Asia/Kolkata
  • कश्मीर में पैलेट गन से घायल एक युवक की मौत

मोदी सरकार द्वारा भारत प्रशासित कश्मीर का विशेष दर्जा ख़त्म करने के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों में घायल श्रीनगर के एक युवक की मौत हो गई है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, धारा 370 हटने के बाद भारत प्रशासित कश्मीर के श्रीनगर के सौरा क्षेत्र में हुए विरोध प्रदर्शन में शामिल एक युवक पैलेट लगने से घायल हो गया था। हालांकि भारतीय सेना ने दावा किया है कि युवक की मौत पैलेट से लगी चोट से नहीं बल्कि पथराव से हुई है। मृतक श्रीनगर में कक्षा ग्यारहवीं का छात्र था। वह भारत की मोदी सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के एक दिन बाद छह अगस्त को हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल था, जिस दौरान पैलेट गन लगने से वह घायल हो गया था। युवक की मौत के बाद श्रीनगर के कई हिस्सों में दोबारा प्रतिबंध लगा दिए गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 साल के असरार अहमद ख़ान की आंख में पैलेट से चोट लगी थी और उसे इलाज के लिए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ़ मेडिकल साइंसेज़ (एसकेआईएमएस) में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार रात उसने दम तोड़ दिया। उसके शव को श्रीनगर में इलाही बाग क्षेत्र स्थित घर ले जाया गया, जहां उसे दफ़नाया गया। हालांकि, सेना ने पैलेट गन लगने से युवक की मौत से इनकार किया है।

बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान लेफ्टिनेंट जनरल केजीएस ढिल्लों ने कहा कि युवक की मौत पथराव से हुई थी। जनरल केजीएस ढिल्लों ने कहा कि यह आपको निर्धारित करना है कि कौन किसको मारने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीते 30 दिनों में पांच लोगों की मौत हुई है लेकिन किसी भी मौत के लिए हम ज़िम्मेदार नहीं है। भारतीय सेना के अधिकारी ने कहा कि कुछ की पत्थरबाज़ी की वजह से मौत हुई और कुछ की संघर्षविराम के दौरान। उन्होंने दावा किया कि यह शांति की सबसे लंबी अवधि है, जिसे जम्मू कश्मीर ने लंबे समय बाद अनुभव किया है।’

उल्लेखनीय है कि भारत की केंद्र सरकार द्वारा जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के बाद घाटी पूरी तरह बंद है। समाचार पत्र इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक़, इस दौरान घाटी में 80 लोगों को पैलेट गन से चोट लगी है। 14 अगस्त को जम्मू कश्मीर पुलिस ने कहा था कि राज्य से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के मद्देनज़र लगे प्रतिबंधों के दौरान श्रीनगर में हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान कुछ लोगों को पैलेट गन से चोटें लगी थीं। पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक मुनीर ख़ान ने कहा कि क़ानून एवं व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। (RZ)