नागरिकता संशोधन विधेयक ‘‘गलत दिशा में बढ़ाया गया एक ख़तरनाक क़दम"- यूएससीआईआरएफ
https://parstoday.ir/hi/news/india-i82069-नागरिकता_संशोधन_विधेयक_गलत_दिशा_में_बढ़ाया_गया_एक_ख़तरनाक_क़दम_यूएससीआईआरएफ
अमेरिकी संघीय आयोग ने नागरिकता संशोधन विधेयक ‘कैब’ के भारतीय संसद में पारित होने की स्थिति में अमित शाह पर प्रतिबंध की मांग की है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec १०, २०१९ ११:१२ Asia/Kolkata
  • नागरिकता संशोधन विधेयक ‘‘गलत दिशा में बढ़ाया गया एक ख़तरनाक क़दम

अमेरिकी संघीय आयोग ने नागरिकता संशोधन विधेयक ‘कैब’ के भारतीय संसद में पारित होने की स्थिति में अमित शाह पर प्रतिबंध की मांग की है। 

भाषा के अनुसार अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता के बारे में संघीय अमेरिकी आयोग (यूएससीआईआरएफ) ने कहा कि नागरिकता संशोधन विधेयक ‘‘गलत दिशा में बढ़ाया गया एक खतरनाक कदम’’ है और यदि यह भारत की संसद में पारित होता है तो भारत के गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।  यूएससीआईआरएफ ने सोमवार को एक बयान में कहा कि विधेयक के लोकसभा में पारित होने से वह बेहद चिंतित है।  आयोग ने कहा, ‘‘ अगर कैब दोनों सदनों में पारित हो जाता है तो अमेरिकी सरकार को भारत के गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य नेतृत्व के खिलाफ प्रतिबंध लगाने पर विचार करना चाहिए।  उसने कहा, ‘‘ अमित शाह द्वारा पेश किए गए धार्मिक मानदंड वाले इस विधेयक के लोकसभा में पारित होने से यूएससीआईआरएफ बेहद चिंतित है।’’  यूएससीआईआरएफ ने आरोप लगाया कि कैब आप्रवासियों के लिए नागरिकता प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त करता है हालांकि इसमें मुस्लिम समुदाय का जिक्र नहीं है। इस तरह यह विधेयक नागरिकता के लिए धर्म के आधार पर कानूनी मानदंड निर्धारित करता है।  उसने कहा, ‘‘ कैब गलत दिशा में बढ़ाया गया एक खतरनाक कदम है। यह भारत के धर्मनिरपेक्ष बहुलवाद के समृद्ध इतिहास और भारतीय संविधान का विरोधाभासी है जो धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर कानून के समक्ष समानता की गारंटी देता है।  आयोग ने असम में चल रही राष्ट्रीय नागरिकता पंजी (एनआरसी) की प्रक्रिया और गृहमंत्री शाह द्वारा प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी एनआरसी के बारे में कहा, ‘‘ यूएससीआईआरएफ को यह डर है कि भारत सरकार भारतीय नागरिकता के लिए धार्मिक परीक्षण के हालात पैदा कर रही है जिससे लाखों मुस्लिमों की नागरिकता पर संकट पैदा हो सकता है।’’ उसने यह भी कहा कि भारत सरकार क़रीब एक दशक से अधिक समय से यूएससीआईआरएफ के वक्तव्यों और वार्षिक रिपोर्टों को नज़रअंदाज कर रही है।  नागरिकता संशोधन विधेयक कैब के पक्ष में 311 मत और विरोध में 80 मत पड़े थे जिसके बाद इसे लोकसभा से मंजूरी दे दी गई। अब इसे राज्यसभा में पेश किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि भारत की लोकसभा में सोमवार को नागरिकता संशोधन विधेयक (कैब) को मंजूरी दे दी गई जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण 31 दिसंबर 2014 तक भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन करने का पात्र बनाने का प्रावधान है।  भारतीय गृहमंत्री अमित शाह ने नागरिकता संशोधन विधेयक को ऐतिहासिक क़रार देते हुए सोमवार को कहा था कि यह भाजपा के घोषणापत्र का हिस्सा रहा है।