भारत को इस्राईल नहीं बनने देंगेः आरजेडी
राष्ट्रीय जनता दल आरजेडी के नेता मनोज झा ने कहा कि आरजेडी, नागरिकता संशोधन बिल का पूरे तरीके से विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि हम देश को इस्राईल बनने नहीं देंगे।
मनोज झा ने कहा कि इस बिल में धर्म के आधार पर जो टू-नेशन थ्योरी दी गई है वह बिल्कुल ग़लत तरीक़ा है। उन्होंने कहा कि इस तरीके का विरोध आरजेडी पुरजोर तरीक़े से संसद और सड़क पर करेगी। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नागरिकता बिल से मोदी-शाह सरकार ने पूर्वोत्तर की पहचान को मिटाने का प्रयास किया है। यह पूर्वोत्तर के लोगों के जीवन जीने के तरीके और भारत के विचार पर एक आपराधिक हमला है। मैं पूर्वोत्तर के लोगों और उनकी सेवा के लिए तत्पर हूं। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने भी ट्वीट करके भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। अखिलेश ने ट्वीट किया कि भाजपा का CAB जैसा क़दम ऐतिहासिक भूल साबित होगा।
उल्लेखनीय है कि भारत की राज्यसभा में नागरिकता संशोधन बिल बुधवार को पेश होगा। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल समेत कई विपक्ष की पार्टियां, इस बिल का विरोध कर रही हैं।