ज़रूरत हुई तो प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करेंगेः अशोक गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को विधायक दल की बैठक में बड़ा ऐलान किया है।
जयुपर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उन्होंने कहा कि अगर ज़रूरत हुई तो राष्ट्रपति भवन जाएंगे और राष्ट्रपति से मुलाक़ात करेंगे और अगर ज़रूरत हुई तो प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन भी करेंगे। विधानसभा सत्र बुलाने की मांग को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री गहलोत एक बार फिर राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाक़ात करने वाले। शनिवार को मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक में विधानसभा सत्र प्रस्ताव पारित हुआ। यह प्रस्ताव गहलोत राज्यपाल से मुलाक़ात कर इसे सौंपेंगे।
इससे पहले शनिवार को जयपुर के एक होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक हुई जिसमें मौजूदा राजनैतिक हालात पर चर्चा हुई। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि ज़रूरत पड़ने पर हम राष्ट्रपति से मिलने राष्ट्रपति भवन जाएंगे। उल्लेखनीय है कि गहलोत विधानसभा में बहुमत परीक्षण के माध्यम से विरोधियों को जवाब देना चाहते हैं और यह बताना चाहते हैं कि सचिन पायलट की बग़ावत से उनकी सरकार को कोई ख़तरा नहीं है। यही वजह है कि वे लगातार राज्यपाल से विधानसभा का सत्र बुलाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि अभी तक राज्यपाल की ओर से इसे लेकर स्पष्ट तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।
दूसरी ओर भाजपा नेता भी राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलने पहुंचे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया और नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया की अगुआई में यह प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने पहुंचा है और उनका कहना है कि यह मुलाक़ात प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण और उससे उत्पन्न स्थितियों के बारे में चर्चा और सुझाव को लेकर हुई है। (HN)
ताज़ातरीन ख़बरों, समीक्षाओं और आर्टिकल्ज़ के लिए हमारा फ़ेसबुक पेज लाइक कीजिए!