किसानों का एलान 8 दिसंबर को भारत बंद
https://parstoday.ir/hi/news/india-i92880-किसानों_का_एलान_8_दिसंबर_को_भारत_बंद
आन्दोलनरत किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ०४, २०२० १८:४८ Asia/Kolkata
  • किसानों का एलान 8 दिसंबर को भारत बंद

आन्दोलनरत किसानों ने 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है।

कृषि क़ानूनों के विरुद्ध भारत में किसानों के प्रदर्शन का आज नवां दिन भी समाप्त हुआ।  शुक्रवार को किसानों ने आठ दिसंबर को भारत बंद करने का आह्वान किया है।

भारतीय संचार माध्यमों के अनुसार भारत की राजधानी दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले सिंघु बार्डर पर कई दिनों से एकत्रित किसान संगठनों ने शुक्रवार की शाम एलान किया है कि उनकी मांगें यदि नहीं मानी गईं तो फिर वे 5 दिसंबर को भारत के प्रधानमंत्री के पुतले जलाएंगे और 8 दिसंबर को भारत बंद करेंगे।  भारतीय किसान यूनियन के महासचिव एचएस लखोवाल ने शुक्रवार को कहा है कि हमने सरकार से कृषि क़ानूनों को वापस लेने की मांग की है।  एसा न होने पर हम 5 दिसंबर को पूरे देश में प्रधानमंत्री और कार्पोरेट घरानों के पुतले फूकेंगे। 7 दिसंबर को सभी वीर अपने मेडल वापस करेंगे और 8 दिसंबर को भारत बंद किया जाएगा।

इसी बीच अखिल भारतीय किसान सभा के महासचिव मोल्लाह ने कहा है कि किसान आन्दोलन को और तेज़ करने की ज़रूरत है।  उन्होंने कहा कि हम कोई संशोधन स्वीकार नहीं करेंगे बल्कि सरकार को कृषि बिल वापस लेने चाहिए।  दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने भी कहा है कि किसान आन्दोलन कर रहे सभी किसान संगठनों ने सर्वसम्मति से 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है।  उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर को एतिहासिक बंद रखा जाएगा।