किसानों ने की अडानी-अंबानी प्रोडक्ट के बहिष्कार की घोषणा
https://parstoday.ir/hi/news/india-i93031-किसानों_ने_की_अडानी_अंबानी_प्रोडक्ट_के_बहिष्कार_की_घोषणा
भारत में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अडानी और अंबानी कार्पोरेट घरानों के सारे उत्पादों के बहिष्कार का एलान किया है। 
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Dec ११, २०२० ०९:२६ Asia/Kolkata
  • किसानों ने की अडानी-अंबानी प्रोडक्ट के बहिष्कार की घोषणा

भारत में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अडानी और अंबानी कार्पोरेट घरानों के सारे उत्पादों के बहिष्कार का एलान किया है। 

भारतीय संचार माध्यमों के अनुयार अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन दोनों कॉर्पोरेट घरानों के तमाम प्रोडक्ट्स का बॉयकॉट पूरे देश में किया जाएगा।

इस समिति के अनुसार देश की सरकार पूरे देश को कॉर्पोरेट घरानों के हवाले करने की दिशा में काम कर रही है।  अडानी और अंबानी जैसे कार्पोरेट घरानों का विरोध सिर्फ नारों और सोशल मीडिया तक ही सीमित नहीं है बल्कि भारत के पंजाब के कई शहरों में प्रदर्शनकारियों ने रिलायंस के पेट्रोल पंपों, रिलायंस के तमाम स्टोर्स और अडानी ग्रुप के एग्रो आउटलेट्स का बहिष्कार किया है।  प्रदर्शनकारियों ने मुकेश अंबानी के पुतले भी जलाए हैं और भारी संख्या में जियो के सिम तोड़ डाले।

एक किसान नेता डॉक्टर दर्शन पाल कहते हैं कि हमारी केन्द्र सरकार, पूरे देश को कॉर्पोरेटरों के हवाले करने की दिशा में काम कर रही है। अडानी और अंबानी, कार्पोरेट घरानों के सबसे बड़े चेहरे हैं जो पिछले थोड़े ही समय में बहुत तेजी से आगे बढ़े हैं।  हालिया वर्षों में उनकी आय बहुत ही तेज़ी से बढ़ी है।  यह दोनों ही ग्रुप मौजूदा सत्ता के बेहद करीब हैं जो किसी से ठकी छिपी बात नहीं है।

किसानों के एक नेता गुरनाम सिंह चढूनी कहते हैं कि भारत में पहले लोकतंत्र का मतलब होता था लोगों का राज, लोगों के द्वारा और लोगों के लिए।  किंतु अब यह हो गया है कॉर्पोरेट का राज, कॉर्पोरेट के द्वारा और केवल कॉर्पोरेट के लिए। इस तरह से एक आदमी या चंद लोग ही पूरे देश को हड़प रहे हैं और इसी के खिलाफ हमारा विरोध प्रदर्शन है।  वे कहते हैं कि हमारी किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। यह आंदोलन बस जनता बनाम कॉर्पोरेट का है। जो भी जनता का शोषण कर रहा है हम उसके खिलाफ हैं और रहेंगे।