भारत और पाकिस्तान ने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूचि का किया आदान- प्रदान
https://parstoday.ir/hi/news/india-i93502-भारत_और_पाकिस्तान_ने_परमाणु_प्रतिष्ठानों_की_सूचि_का_किया_आदान_प्रदान
भारत और पाकिस्तान ने समझौते के अनुसार एक दूसरे को परमाणु संस्थानों की सूचि दी है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jan ०२, २०२१ ०६:५३ Asia/Kolkata
  • भारत और पाकिस्तान ने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूचि का किया आदान- प्रदान

भारत और पाकिस्तान ने समझौते के अनुसार एक दूसरे को परमाणु संस्थानों की सूचि दी है।

प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, पाकिस्तान और भारत ने शुक्रवार को अपने-अपने परमाणु प्रतिष्ठानों की सूची एक-दूसरे को सौंप दी है। दोनों देशों के बीच एक द्विपक्षीय समझौते के तहत हर साल ऐसा किया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें एक-दूसरे के परमाणु संस्थानों पर हमले करने से रोकना है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने एक बयान जारी करके कहा कि इस सूची का आदान-प्रदान भारत और पाकिस्तान के बीच ‘परमाणु प्रतिष्ठान एवं संस्थानों पर हमलों के निषेध पर समझौते' की धारा-2 के अनुसार किया गया है। इस समझौते पर 31 दिसंबर 1988 को हस्ताक्षर किए गए थे।

FILE PHOTO

प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, ‘‘पाकिस्तान के परमाणु प्रतिष्ठानों और संस्थानों से संबंधित सूची पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय में भारतीय उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को शुक्रवार आधिकारिक तौर पर सौंपी गई। इसी तरह नई दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय ने भारत के परमाणु प्रतिष्ठानों और संस्थानों से संबंधित सूची पाकिस्तान उच्चायोग के एक प्रतिनिधि को शुक्रवार को ही सौंपी।  इस समझौते में यह प्रावधान है कि दोनों देश प्रत्येक वर्ष एक जनवरी को अपने-अपने परमाणु प्रतिष्ठानों और संस्थानों के बारे में एक दूसरे को जानकारी देंगे। भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूद तनाव के बावजूद दोनों देशों ने एक दूसरे को यह जानकारी मुहैया कराई है। (RZ)