पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह का निधन, कोरोना से थे संक्रमित
https://parstoday.ir/hi/news/india-i98400-पूर्व_केन्द्रीय_मंत्री_अजीत_सिंह_का_निधन_कोरोना_से_थे_संक्रमित
राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह का कोरोना वायरस की वजह से निधन हो गया है।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
May ०६, २०२१ ०५:५८ Asia/Kolkata
  • पूर्व केन्द्रीय मंत्री अजीत सिंह का निधन, कोरोना से थे संक्रमित

राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह का कोरोना वायरस की वजह से निधन हो गया है।

अजीत सिंह कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से बीते दिनों गुरुग्राम के अल्ट्रा मैक्स अस्पताल में भर्ती थे, जहाँ उन्होंने 82 साल की उम्र में  अंतिम सांस ली। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर दौर गई है। उनकी गिनती बड़े जाट नेताओं में होती थी। 

चौधरी अजीत सिंह और उनकी पोती 24 अप्रैल को कोरोना पॉज़िटिव हो गए थे। हालत ख़राब होने पर उन्हें गुरुग्राम के अल्ट्रा मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर वे पिछले चार-पांच दिन से वेंटिलेटर पर थे। मगर गुरुवार की सुबह उनका निधन हो गया। राष्ट्रीय लोक दल के नेता अजीत सिंह का जन्म 12 फ़रवरी 1939 को मेरठ में हुआ था। उनके निधन पर समाजवादी पार्टी समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे चौधरी अजीत सिंह राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे हैं। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बाग़पत से 7 बार सांसद रह चुके थे। वह मनमोहन सिंह की सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री रह चुके थे, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में कृषि मंत्री भी रह चुके थे। उनके बेटे का नाम जयंत चौधरी है, जो 15वीं लोकसभा में मथुरा से सांसद रह चुके हैं।

समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा कि राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह जी का निधन, अत्यंत दुखद! आपका यूं अचानक चले जाना किसानों के संघर्ष और भारतीय राजनीति में कभी न भरने वाली जगह छोड़ गया है। (AK)

हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए

हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए

हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!

ट्वीटर  पर हमें फ़ालो कीजिए