जास्क बंदरगाह से ईरान करेगा पहली बार तेल निर्यात
https://parstoday.ir/hi/news/iran-i101738-जास्क_बंदरगाह_से_ईरान_करेगा_पहली_बार_तेल_निर्यात
ईरान अगले सप्ताह से ओमान की खाड़ी में स्थित एक बंदरगाह से तेल निर्यात की योजना बना रहा है, फ़ारस की खाड़ी के बाहर और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से हटकर, कच्चे तेल के निर्यात का यह ईरान का पहला प्रयास होगा।
(last modified 2023-04-09T02:55:50+00:00 )
Jul १९, २०२१ १४:०८ Asia/Kolkata
  • जास्क बंदरगाह से ईरान करेगा पहली बार तेल निर्यात

ईरान अगले सप्ताह से ओमान की खाड़ी में स्थित एक बंदरगाह से तेल निर्यात की योजना बना रहा है, फ़ारस की खाड़ी के बाहर और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से हटकर, कच्चे तेल के निर्यात का यह ईरान का पहला प्रयास होगा।

ओमान खाड़ी स्थित जास्क ऑयल टर्मिनल के निदेशक वहीद मालेकी ने बताया कि पहला तेल टैंकर जास्क क्षेत्र में प्रवेश कर चुका है और हमें उम्मीद है कि सोमवार दोपहर से इस पर भारी कच्चा तेल लादना शुरू कर दिया जाएगा।

हालांकि उन्होंने तेल की मात्रा और उसके गंतव्य के बारे में कुछ नहीं बताया।

जास्क बंदरगाह तक 1,000 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन पहुंचती है, जो पूरे फ़ारस की खाड़ी के तट पर फैली हुई है।

एक अनुमान के मुताबिक़, पहले चरण में इस बंदरगाह से प्रतिदिन 3.5 लाख बैरल तेल का निर्यात किया जा सकेगा।

ग़ौरतलब है कि ईरान का ज़्यादातर तेल, स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ के रास्ते निर्यात किया जाता रहा है। लेकिन 2018 में पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प द्वारा परमाणु समझौते से निकलने के बाद ईरान पर फिर से कड़े प्रतिबंधों के कारण, तेल निर्यात प्रभावित हुआ था।

इसी महीने ईरान के तेल मंत्री ने कहा था कि बहुत ही थोड़े समय में तेल उत्पादन में वृद्धि के लिए ईरान ने कई क़दम उठाए हैं।

ईरान परमाणु समझौते में अमरीका की वापसी के लिए वियना में परमाणु समझौते में शामिल देशों के बीच वार्ता जारी है और अगर अमरीका की समझौते में वापसी होती है तो ईरान के ख़िलाफ़ लगे अमरीकी प्रतिबंध समाप्त हो जायेंगे। msm