बग़दाद आतंकवादी हमले की ईरान ने की कड़ी निंदा
ईरान के विदेश मंत्रालय ने बग़दाद के सद्र सिटी में भीषण बम धमाके की निंदा करते हुए कहा है कि तेहरान आतंकवाद के ख़िलाफ़ लड़ाई में बग़दाद के साथ व्यापक सहयोग के लिए तैयार है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सईद ख़तीबज़ादे ने कहा इराक़ में आतंकवादियों की गतिविधियों का मुक़ाबला करने के लिए तेहरान, बग़दाद के साथ सहयोग के लिए तैयार है।
ख़तीबज़ादे ने कहा कि आतंकवादियों ने एक बार फिर सद्र सिटी में निर्दोषों का ख़ून बहाया है और बक़रईद के अवसर पर इराक़ की पीड़ित जनता को दुख पहुंचाया है।
उन्होंने ईरानी जनता और सरकार की ओर से इराक़ी जनता और सरकार के साथ संवेदना जताते हुए कहा कि इस दुखद घटना के पीड़ितों के लिए हम ईश्वर की दया और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करते हैं।
सोमवार की रात सद्र सिटी के एक बाज़ार में बम धमाके में कम से कम 29 लोगों की मौत हो गई, जबकि 47 अन्य घायल हो गए।
दाइश ने इस आतंकवादी हमले की ज़िम्मेदारी स्वीकार की है। msm