जापान ईरान का एक अच्छा और भरोसेमंद दोस्त है, राष्ट्रपति रईसी
ईरान के राष्ट्रपति ने जापान को ईरान का एक अच्छा दोस्त बताते हुए कहा है कि तेहरान के लिए टोक्यो के साथ अच्छे और मज़बूत द्विपक्षीय संबंधों का काफ़ी महत्व है।
रविवार को तेहरान में जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सो मोटेगी से मुलाक़ात में ईरानी राष्ट्रपति इब्राहीम रईसी ने कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में जापान द्वारा मानवीय सहायता की सराहना करते हुए आशा जताई कि दोनों देशों के बीच सहयोग से इस महामारी को जड़ से उखाड़ फेंकने में मदद मिलेगी।
जापानी बैंकों में सीज़ होने वाली ईरान की विदेशी मुद्रा को रीलीज़ किए जाने की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए रईसी ने कहाः जापानी बैंकों में मौजूद ईरानी संपत्ति के रीलीज़ में देरी का कोई औचित्य नहीं है।
जापानी विदेश मंत्री द्वारा परमाणु समझौते को लागू करने के महत्व पर बल दिए जाने की ओर संकेत करते हुए राष्ट्रपति रईसी ने कहाः सामान्य तौर पर जिस देश ने समझौता पर अमल किया है, उसकी सराहना की जानी चाहिए और जिस देश ने इस समझौते को तोड़ा है, उससे सवाल किया जाना चाहिए, अमरीका को विश्व जनमत को जवाब देना होगा कि वह क्यों इस अंतरराष्ट्रीय समझौते से बाहर निकल गया।
जापानी विदेश मंत्री मोटेगी ने इस मुलाक़ात में कहा कि जापान और ईरान पुराने और अच्छे दोस्त हैं और हमें कोई संदेह नहीं है कि ईरान की नई सरकार के कार्यकाल में भी यह सहयोग जारी रहेगा और इसमें अधिक विस्तार होगा। msm