राष्ट्रसंघ ने ईरान के क़दम की सराहना की
अफ़ग़ान शरणार्थियों की मेज़बानी के कारण राष्ट्रसंघ के महासचिव ने ईरान की प्रशंसा की है।
समाचार एजेन्सी तसनीम की रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रसंघ के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने गुरूवार को टेलीफोनी वार्ता में ईरान का विदेशमंत्री बनने पर हुसैन अमीर अब्दुल्लाहिया को बधाई दी और कहा कि राष्ट्रसंघ के सदस्य देशों में ईरान बहुत प्रभावी देश है और इस संघ को ईरान के राष्ट्रपति और विदेशमंत्री से निकट सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने ईरान द्वारा अफगान शरणार्थियों की मेज़बानी की प्रशंसा करते हुए बल देकर कहा कि राष्ट्रसंघ शरणार्थियों की मेज़बानी करने के कारण ईरान के समर्थन के प्रति कटिबद्ध है।
इसी प्रकार उन्होंने कहा कि राष्ट्रसंघ सहमति और परमाणु वार्ता के दोबारा आरंभ होने का समर्थक है। एंटोनियो गुटेरस ने फिलिस्तीनियों के अधिकारों की सुरक्षा पर भी बल दिया। इस टेलीफोनी वार्ता में विदेशमंत्री अमीर अब्दुल्लाहियान ने अफ़गानिस्तान की वर्तमान स्थिति के समाधान हेतु राष्ट्रसंघ से सहकारिता के लिए ईरान की तत्परता की घोषणा की और अफगान शरणार्थियों के नये रेले की स्थिति पर चिंता जताते हुए राष्ट्रसंघ की सहायता की आवश्यकता पर बल दिया।
विदेशमंत्री ने इसी प्रकार वियना में परमाणु वार्ता की ओर संकेत किया और बल देकर कहा कि तेहरान डिप्लोमैटिक विकल्प के रूप में वार्ता के जारी रहने के प्रति कटिबद्ध है। इसी प्रकार उन्होंने कहा कि खेद के साथ कहना पड़ता है कि अमेरिकी अपने ग़ैर कानूनी प्रतिबंधों को जारी रखकर ग़लतफहमी का शिकार है और वे यह सोच रहे हैं कि वार्ता में प्रतिबंधों का प्रयोग एक हथकंडे के रूप में कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वार्ता के पक्षों को वास्तविकता पर आधारित विचारों के साथ वियना वार्ता में भाग लेना और ईरानी राष्ट्र के अधिकारों व हितों पर गम्भीर रूप से ध्यान देना चाहिये और हमें वह वार्ता स्वीकार है जिसका कोई स्पष्ट परिणाम हो।
विदेशमंत्री ने अफगानिस्तान और क्षेत्र में कुछ शक्तियों की ओर से हथकंडे के रूप में आतंकवाद के प्रयोग को क्षेत्र में शांति व सुरक्षा की स्थापना के मार्ग की रुकावट बताया और उस पर खेद जताया। विदेशमंत्री और राष्ट्रसंघ के महासचिव ने अफगानिस्तान में व्यापक सरकार के गठन पर बल दिया और कहा कि अफगानिस्तान में युद्ध और हिंसा का वातावरण नहीं होना चाहिये। MM
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए
हमारा यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब कीजिए!