ईरान और ताजिकिस्तान ने 8 सहयोग समझौता पत्रों पर दस्तख़त कर दिए
ईरान और ताजिकिस्तान के राष्ट्राध्यक्षों ने विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित 8 सहयोग समझौता पत्रों पर दस्तख़त किए हैं।
ईरानी राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने अपनी पहली विदेशी यात्रा के दौरान शनिवार को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में इस देश के राष्ट्रपति इमाम अली रहमान से औपचारिक मुलाक़ात की।
इस मुलाक़ात में ईरानी राष्ट्रपति ने दोनों देशों की संयुक्त संस्कृति और भाषा की ओर संकेत करते हुए आशा जताई कि दोनों देशों के अधिकारियों के प्रयासों के परिणाम स्वरूप द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग में एक नए अध्याय की शुरूआत होगी।
इस मुलाक़ात के बाद दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने कुल 8 समझौता पत्रों पर दस्तख़त किए और एक संयुक्त बयान जारी किया।
ईरानी राष्ट्रपति का कहना था कि द्विपक्षीय संबंधों और सहयोग में विस्तार, दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय सहयोग के स्तर में वृद्धि का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि ईरान और ताजिकिस्तान के अधिकारियों को द्विपक्षीय बातचीत और मुलाक़ातों के ज़रिए दोनों फ़ार्सी भाषी देशों के बीच मज़बूत और व्यापक संबंधों की स्थापना करनी चाहिए, जो क्षेत्रीय स्तर पर एक मॉडल बनकर उभरे।
इस मुलाक़ात में ताजिकिस्तान के राष्ट्रपति इमाम अली रहमान ने पहली यात्रा के रूप में उनके देश का चयन करने के लिए अपने ईरानी समकक्ष का शुक्रिया अदा किया।
उन्होंने दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहाः दोनों देशों के लोगों के बीच दोस्ती और प्रेम, विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग में विस्तार और संबंधों को अधिक मज़बूत बनाने का एक अच्छा आधार है।
ग़ौरतलब है कि ईरानी राष्ट्रपति ताजिकिस्तान की मेज़बानी में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दुशांबे पहुंचे थे, जहां शनिवार की सुबह राष्ट्रपति भवन में इस देश के राष्ट्रपति रहमान ने उनका औपचारिक रूप से स्वागत किया। msm