विदेशियों के हस्तक्षेप के बिना क्षेत्रीय समस्याओं का समाधान संभव हैः रईसी
ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने कहा है कि क्षेत्र में अगर विदेशियों का हस्तक्षेप रुक जाए तो यहां की समस्याओं का सामधान किया जा सकता है।
राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी ने इराक़ के प्रधानमंत्री मुस्तफ़ा अलकाज़ेमी के साथ टेलिफोनी वार्ता की।
इस टेलिफोन वार्ता में राष्ट्रपति रईसी ने कहा कि ईरान हमेशा से इराक़ में एक मज़बूत सरकार और मज़बूत समाज का पक्षधर रहा है।
उन्होंने कहा कि आतंकवादी गुटों विशेषकर दाइश से मुक़ाबले का ईरान और इराक़ के पास सफल अनुभव मौजूद है जो क्षेत्रीय स्थिरता में सहायक सिद्ध हो सकता है।
ईरान के राष्ट्रपति का कहना था कि क्षेत्रीय समस्याओं की मूल जड़ अमरीका की नीतियां और उपस्थिति है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय देश परस्पर सहयोग करके क्षेत्र में स्थाई शांति एवं स्थिरता उत्पन्न कर सकते हैं।
इब्राहीम रईसी ने इराक़ द्वारा तेहरान और रेयाज़ के बीच वार्ता कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस्लामी गणतंत्र ईरान, किसी परिणाम तक पहुंचने के उद्देश्य से इस वार्ता को आगे बढ़ाने को तैयार है लेकिन इसके लिए शर्त यह है कि सऊदी अरब भी परस्पर सम्मान के वातावरण को सुरक्षित रखे।
ईरान के राष्ट्रपति रईसी ने यमनी राष्ट्र की समस्याओं का उल्लेख करते हुए आशा व्यक्त की है कि इराक़ की सरकार, इस बारे में पहल करते हुए यमन के परिवेष्टन को हटवाने के लिए प्रयास कर सकता है।
इस टेलिफोन वार्ता में इराक़ के प्रधानमंत्री मुस्तोफ़ा अलकाज़ेमी ने कहा कि ईरान के साथ आर्थिक लेनदेन में वृद्धि बग़दाद के लिए विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि पड़ोसियों के साथ सहयोग बढ़ाने की ईरान की नीति का हम स्वागत करते हैं। इसी के साथ अलकाज़ेमी ने ईरान और इराक़ के बीच अधिक से अधिक संबन्ध विस्तार की कामना की।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए