ईरान और आईएईए के बीच निर्णायक वार्ता का दौर...
अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेन्सी आईएईए के महानिदेशक रफ़ाएल ग्रोसी का ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रवक्ता कमालवंदी ने शनिवार को तेहरान में स्वागत किया।
आईएईए के महानिदेशक ईरान के परमाणु विषय के कुछ मतभेद वाले मुद्दों के समाधान और तेहरान तथा आईएईए के बीच सेफ़गार्ड के विषय पर चर्चा करने के लिए तेहरान की यात्रा पर हैं। वह अपनी इस यात्रा के दौरान ईरान और आईएईए के बीच तकनीकी सहयोग जारी रहने के विषय पर भी विचार विमर्श करेंगे।
जब से राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी चुनाव जीत कर सत्ता में आए हैं तब से आईएईए के महानिदेशक का यह तेहरान का तीसरा दौरा है। आईएईए के महानिदेश का तेहरान का यह दौरा, हालिया कुछ सप्ताह के दौरान, आईएईए और ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के अधिकारियों के बीच होने वाली सघन वार्ताओं के बाद अंजाम पा रहा है । इस यात्रा के दौरान रफ़ाएल ग्रोसी ईरान की परमाणु ऊर्जा संस्था के प्रमुख मुहम्मद इस्लामी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से भेंटवार्ता करेंगे।
ईरान विरोधी प्रतिबंधों को हटाने के लिए विएना में होने वाली वार्ता के बीच रफ़ाएल ग्रोसी का तेहरान दौरा एसी हालत में हो रहा है कि अभी तक कुछ मामलों पर मतभेद बाक़ी है और अभी तक यह पता नहीं है कि अंतिम सहमति कब तक हो पाएगी, इसीलिए यह दौरा बहुत ही महत्वपूर्ण है।
यहां पर यह बात भी महत्वपूर्ण है कि ज़ायोनी शासन ने भी विएना में अपना एक प्रतिनिधिमंडल भेजा है जो विएना वार्ता के माहौल को ख़राब करने का प्रयास कर रहा है और अभी तक इस्राईल को विएना वार्ता से निराशा ही हाथ लगी है, इसके बावजूद वह लगा हुआ है और उसे उम्मीद है कि वह अपनी विध्वंसक कार्यवाहियां द्वारा अपने लक्ष्यों तक पहुंचने के लिए इस आख़िरी अवसर से भरपूर लाभ उठा लेगा।
ईरान आईएईए से अपने मतभेदों और विवादों को हल करने की इच्छा रखता है और पिछले दस दिन के दौरान तेहरान और आईएईए के बीच वार्ता बहुत ही जटिल और कठिन रही लेकिन दोनों ही पक्षों के आपसी सहयोग से यह कठिन चरण भी आसानी से गुज़र गया। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए