सऊदियों के उल्लंघनों के कारण हज संभव नहीः अली जन्नती
ईरान के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने स्पष्ट किया है कि सऊदी अरब की ओर से किये जाने वाले उल्लंघनों के कारण इस वर्ष ईरानियों के लिए हज की परिस्थतियां अनुकूल नहीं हैं।
अली जन्नती ने कहा कि पिछले चार महीनों से ईरान की ओर से इस बात का प्रयास किया जा रहा है कि हज के विषय को हल किया जाए किन्तु ईरान की ओर से हज के लिए वीज़ा, हवाई यात्रा और सऊदी अरब में हाजियों की सुरक्षा से संबन्धित मांगों का जवाब नहीं दिया गया है।
ईरान के सांस्कृतिक मामलों के मंत्री ने कहा है कि सऊदी अधिकारियों ने हाजियों के लिए वीज़ा जारी करने के बारे में कोई वचन नहीं दिया है और उनका कहना है कि ईरानी हाजी, हज करने के लिए पहले किसी तीसरे देश में जाएं और वहां से वीज़ा लेकर हज के लिए सऊदी अरब पहुंचे।
अली जन्नती ने कहा कि इस तरह की बातों को देखते हुए यह कहना पड़ रहा है कि ईरानियों के लिए इस साल हज पर जाने की परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सादिक़ हुसैन जाबिरी अंसारी ने कहा था कि अगर इस साल के हज के लिए ईरानी श्रद्धालुओं को वीज़ा देने के संबंध में सऊदी अरब से मतभेद दूर न हुए तो हज के लिए ईरानी हाजियों का रास्ता बंद करने का उत्तरदाई सऊदी अरब होगा।
जाबिरी अंसारी ने कहा कि वीज़ा देने का काम करने के लिए सऊदी अरब के जितने भी कर्मचारी ईरान आना चाहें ईरान उन्हें वीज़ा देने को तैयार है।