इराक़ी विदेशमंत्री की तेहरान यात्रा, महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा...वीडियो
इराक़ के विदेशमंत्री ने बुधवार को तेहरान की अपनी यात्रा के दौरान इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान से मुलाक़ात में द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय परिवर्तनों के विषय पर विचार विमर्श किया।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अपने इराक़ी समकक्ष के साथ संयुक्त प्रेस कांफ़्रेंस में कहा कि अगले कुछ महीनों में हम विभिन्न क्षेत्रों में ईरान और इराक़ के संबंधों में विस्तार देखेंगे और पिछले सात महीने के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापारिक लेनदेन का स्तर साढ़े चार गुना बढ़ा है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि इस मुलाक़ात में हम इराक़ की क्षेत्रीय भूमिका पर बल देते हैं और क्षेत्रीय सहमति पैदा करने में इराक़ सरकार की भूमिका की सराहना करते हैं।
इस संयुक्त प्रेस कांफ़्रेस में इराक़ के विदेशमंत्री फ़ुआद हुसैन ने इराक़ और इराक़ की सुरक्षा को एक दूसरे से जुड़ी हुई बताया और कहा कि इस मुलाक़ात में सुरक्षा, आर्थिक और व्यापारिक संबंधों सहित महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया।
इस्लामी गणतंत्र ईरान और इराक़ के बीच बहुत ही अच्छे संबंध हैं और दोनों ही देश अपने पड़ोसी का ख़ास ख़याल रखते हैं और बिजली और गैस के निर्यात के बारे में ईरान के कर्ज़े, सीमावर्ती पानी से जुड़े कुछ मुद्दों तथा पर्यावरण के जुड़े कुछ मामलों को छोड़कर दोनों देशों के संबंध लगातार विस्तृत हो रहे हैं।
पश्चिमी एशिया क्षेत्र के देशों में सांस्कृतिक और धार्मिक लेहाज़ से सबसे अधिक निकट ईरान और इराक़ के बीच में ही है जबकि दोनों देशों के बीच लगभग 1258 किलोमीटर लंबी ज़मीनी सीमा और 351 किलोमीटर संयुक्त जलसीमा है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी और इराक़ के राष्ट्रपति बरहम सालेह के बीच 3 अप्रैल को टेलीफ़ोनी वार्ता हुई जिसमें क्षेत्र में शांति और स्थिरता की स्थापना के लिए दोनों देशों के सक्रीय और प्रभावी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया गया और साथ ही दोनों राष्ट्र के हितों की परिधि में व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को बढ़ाने के प्रयास पर भी बल दिया गया।
स्पष्ट है कि ईरान और इराक़ के संबंध, एक पड़ोसी देश के संबंधों से बढ़कर हैं और दोनो देशों के बीच पाए जाने वाली समान्ताओं और संबंधों के दृष्टिगत दोनों देशों के संबंधों के भविष्य को स्थाई और प्रगति की ओर अग्रसर समझा जा सकता है। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए