क्षेत्रीय स्तर पर बग़दाद सराहनीय भूमिका निभा रहा है, तेहरान
ईरान के विदेश मंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने अपने इराक़ी समकक्ष फ़ुवाद हुसैन के साथ टेलीफ़ोन पर हुई बातचीत में क्षेत्रीय स्तर पर होने वाली वार्ताओं में बग़दाद की सार्थक भूमिका की सराहना की है।
ग़ौरतलब है कि ईरान के मध्यपूर्व के अरब देशों में इराक़ से सबसे निकट संबंध हैं और दोनों देशों के बीच अधिक धार्मिक और सांस्कृतिक समानताएं पाई जाती हैं।
इराक़ और ईरान की लगभग 1258 किलोमीटर लंबी संयुक्त सीमा है।
अमीर अब्दुल्लाहियान ने फ़ुवाद हुसैन के साथ बातचीत में द्विपक्षीय सहयोग में विस्तार के साथ ही तेहरान और रियाज़ के बीच वार्ता को आगे बढ़ाने पर भी विचार विमर्श किया।
ईरान और सऊदी अरब के बीच 2016 से कूटनीतिक संबंध नहीं हैं। बग़दाद की मध्यस्थता में दोनों देश रिश्तों की बहाली के लिए अब तक कई चरण की वार्ता कर चुके हैं।
ईरानी विदेश मंत्री ने अपने इराक़ी समकक्ष के साथ बातचीत के दौरान, क्षेत्रीय देशों के बीच मतभेदों को दूर करने और उन्हें निकट लाने में बग़दाद की भूमिका की सराहना की।
इस बातचीत में फ़ुवाद हुसैन का कहना था कि उनका देश क्षेत्र में शांति और स्थिरता की स्थापना के लिए अपने प्रयास जारी रखेगा। msm
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए