यूक्रेन के विरुद्ध ड्रोन और हथियार भेजना हमारी नीति नहीं हैः अब्दुल्लाहियान
ईरान के विदेशमंत्री ने कहा है कि यूक्रेन के विरुद्ध हथियार भेजना हमारी नीति नहीं है।
हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने इस दावे को निराधार बताया है कि यूक्रेन के विरुद्ध युद्ध में रूस के लिए ईरानी मिसाइल भेजे जा रहे हैं।
ईरान के विदेशमंत्री ने गुरूवार को ट्वीट के माध्यम से यूरोपीय संघ की विदेश नीति के प्रभारी जोज़ेफ़ बोरेल के साथ टेलिफोनी संपर्क की बात बताते हुए लिखा है कि हमने इस संपर्क में उनको बताया कि हमारी स्पष्ट नीति, यूक्रेन में युद्ध में वृद्धि का विरोध है।
उन्होंने कहा कि यूक्रेन के विरुद्ध ईरानी मिसाइल भेजने का दावा पूरी तरह से निराधार है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि रूस के साथ हमारा सैन्य सहयोग है किंतु यूक्रेन के विरुद्ध हथियार भेजना हमारी नीति नहीं है।
याद रहे कि अमरीका के नेतृत्व में लंबे समय तक इस दुष्प्रचार के बाद कि ईरानी ड्रोन को यूक्रेन युद्ध के लिए रूस भेजा गया है, संयुक्त राष्ट्रसंघ की सुरक्षा परिषद ने बुधवार की शाम बंद दरवाज़ों के पीछे एक बैठक की। इस बैठक में अमरीका, ब्रिटेन और फ्रांस ने ईरान द्वारा रूस के लिए यूक्रेन युद्ध में ड्रोन भेजने के दावे किये।
उल्लेखनीय है कि यूक्रेन युद्ध में अमरीका अबतक इस देश के लिए लगभग 18 अरब डाॅलर के हथियार भेज चुका है। लंबे समय से वह यह दुष्प्रचार कर रहा है कि यूक्रेन युद्ध में ईरान, रूस के लिए अपने ड्रोन भेज रहा है। इस अमरीकी दावे का ईरानी अधिकारियों की ओर से लगातार खण्डन किया गया है।
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए