ईरान, यूक्रेन-रूस युद्ध में पूरी तरह से निष्पक्ष है
ईरान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी करके कहा है कि तेहरान, यूक्रेन-रूस युद्ध में पूरी तरह से निष्पक्ष है और तुरंत इस युद्ध को समाप्त करने और मौजूदा समस्या के शांतिपूर्ण समाधान पर बल देता है।
ग़ौरतब है कि 24 फ़रवरी 2022 को रूस ने यूक्रेन पर हमला कर दिया था। एक साल बीत जाने के बाद भी यह युद्ध जारी है, जिसमें दोनों ही पक्षों को भारी नुक़सान पहुंचा है।
इस बीच, अमरीका और पश्चिमी देशों ने ईरान पर आरोप लगाया है कि वह इस युद्ध में रूस का समर्थन कर रहा है और उसे यूक्रेन पर हमले के लिए ड्रोन बेच रहा है। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने उनके इन आरोपों को सख़्ती से रद्द कर दिया है।
प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक़, ईरानी विदेश मंत्रालय का कहना है कि ख़ुद ईरान युद्ध का शिकार हुआ है और आज भी अमरीका के एकपक्षीय प्रतिबंधों से पीड़ित है। इसलिए वह किसी भी राष्ट्र को धमकाने या उसके लिए ख़तरा उत्पन्न करने का विरोधी है और सभी देशों से संयुक्त राष्ट्र चार्टर और अंतर्राष्ट्रीय क़ानूनों का सम्मान करने का अनुरोध करता है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि अमरीका और कुछ पश्चिमी देश आज भी शीत युद्ध वाली मानसिकता में जी रहे हैं और उनकी यही मानसिकता अधिकांश अंतरराष्ट्रीय संकटों का कारण है। msm