बेलारूस का उच्चस्तरीय शिष्टमंडल तेहरान पहुंचा, विदेशमंत्री की अहम मुद्दों पर चर्चा
इस्लामी गणतंत्र ईरान और बेलारूस के विदेश मंत्रियों ने मुलाक़ात में दोनों देशों के व्यापारियों और ट्रांज़िट चालकों के कांसुलर मामलों को सुविधाजनक बनाने के महत्व पर ज़ोर दिया है।
इर्ना की रिपोर्ट के अनुसार, विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुलाहियान ने रविवार को बेलारूस के विदेश मंत्री आलीनिक से मुलाक़ात में राजनीतिक, आर्थिक, वैज्ञानिक, सांस्कृतिक, कांसुलर क्षेत्रों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग तथा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर दोनों देशों का सहयोग बढ़ाने के विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
इस बैठक में दोनों देशों के बीच विशेष रूप से आर्थिक क्षेत्रों में किए गए समझौतों का ज़िक्र करते हुए विदेशमंत्री हुसैन अमीर अब्दुल्लाहियान ने व्यापारिक आदान-प्रदान बढ़ाने, संयुक्त औद्योगिक परियोजनाओं को पूरा करने और दोनों देशों के बीच परिवहन और पारगमन के क्षेत्र में संयुक्त परियोजनाओं में तेज़ी लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मुलाक़ात में बेलारूस के विदेश मंत्री ने भी अवैध और ग़ैर क़ानूनी प्रतिबंधों से निपटने के क्षेत्र में ईरान के अनुभवों का उल्लेख किया और इस क्षेत्र में तेहरान के अनुभवों से लाभ उठाने का आह्वान किया।
बेलारूस के विदेशमंत्री ने दोनों देशों के बीच व्यापारिक मात्रा की बढ़ती प्रक्रिया ज़िक्र करते हुए अपने निर्यात उत्पादों को विश्व बाज़रों में स्थानांतरित करने के लिए ईरान के परिवहन बुनियादी ढांचे का उपयोग करने में बेलारूस की रुचि पर ज़ोर दिया।
ज्ञात रहे कि बेलारूस के राष्ट्रपति एक उच्चस्तरीय शिष्टमंडल के साथ रविवार की रात दो दिवसीय दौरे पर तेहरान पहुंचे हैं।
बेलारूस के राष्ट्रपति एलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको ईरान के राष्ट्रपति सैयद इब्राहीम रईसी के आधिकारिक निमंत्रण पर तेहरान की यात्रा पर हैं। तेहरान एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका स्वागत उद्योग मंत्री सैयद रज़ा फ़ातेमी अमीन ने किया।
बेलारूस के राष्ट्रपति लुकाशेंको का आधिकारिक स्वागत समारोह आज सुबह सादाबाद के ऐतिहासिक-सांस्कृतिक परिसर में आयोजित किया जाएगा। (AK)
हमारा व्हाट्सएप ग्रुप ज्वाइन करने के लिए क्लिक कीजिए
हमारा टेलीग्राम चैनल ज्वाइन कीजिए